1001 दीपों से जगमगाया राजा दशरथ का आवास
आगरा। भगवान राम का जन्म हुआ तो राजा दशरथ स्वरूप संतोष शर्मा का घर खुशियों से भर गया। जहां एक ओर बधाईयां बाजी तो वहीं दूसरी ओर 1001 दीपकों की रोशनी से घर जगमगा उठा। हर ओर प्रकाश नजर आ रहा था। दीपों की बिखरती रोशनी ने हर ओर खुशी के माहौल को बढ़ा दिया था। हर किसी के मन में श्रद्धा का भाव व और मुख पर श्रीराम के जयकारे ही निकल रहे थे।
आज बाग फरजाना क्षेत्र (राजा दशरथ के आवास पर) में रामलीला आयोजन के तहत श्रीराम जन्म की खुशी में 1001 दीप जलाकर दीपावली मनाई गई। राजा दशरथ का आवास प्रकाश और फूलों से ऐसे सजा था मानो अयोध्या नगरी। दीपों की श्रंखला में सियाराम, अयोध्या, लक्ष्मण, हनुमान और रामायण के अन्य पात्रों के नाम लिखे गए। कार्यक्रम का शुभारम्भ संतोष शर्मा व उनकी धर्मपत्नी ललिता शर्मा ने सियाराम की आरती कर किया। इससे पूर्व भजन संध्या में क्षेत्र की महिलाओं ने भक्ति के खूब रस बिखेरे और नृत्य भी किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से हरिनारायण चतुर्वेदी, प्रखर शर्मा, युक्ति शर्मा, नितिन अग्रवाल, मनीष शर्मा, सुमन शर्मा, अनुराधा शर्मा, अनुज अरोरा, गरिमा जैन, स्नेहलता गुप्ता, पूजा भार्गव, सीमा सिंघल, कामना उपाध्याय, नुपुर दीक्षित, मेगा अग्रवाल आदि उपस्थित थीं।