30 जुलाई को खंदौली इंटरचेंज पर किसान महापंचायत: भाकियू की बैठक में बनी रूपरेखा, टिकैत को भी बुलावा
आगरा। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर 30 जुलाई 2025 को यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली इंटरचेंज पर एक वृहद किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस पंचायत में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को भी आमंत्रित किया गया है। पंचायत में किसानों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों, जैसे भूमि अधिग्रहण, फसल बीमा, समर्थन मूल्य, एक्सप्रेसवे प्रभावित किसानों की समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
खंदौली में रणनीतिक बैठक में हुई चर्चा
महापंचायत की तैयारियों को लेकर 11 जुलाई को खंदौली स्थित टीएस मैरिज होम में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बाबा फौरन सिंह ने की तथा संचालन जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय सचिव ओमपाल सिंह तालान, वरिष्ठ नेता चौधरी मलखान सिंह, मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर, जिला अध्यक्ष हाथरस सत्यदेव पाठक सहित भाकियू के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
किसानों के मुद्दों पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान
राष्ट्रीय सचिव ओमपाल तालान ने अपने संबोधन में कहा कि यह महापंचायत किसानों के शोषण और अधिकारों की रक्षा का निर्णायक मंच बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुटता और भागीदारी का आह्वान किया। सभा में मौजूद किसानों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया और बड़ी संख्या में शामिल होने का आश्वासन दिया।
महापंचायत के लिए 21 सदस्यीय समिति गठित
बैठक में महापंचायत की समुचित तैयारियों और समन्वय के लिए 21 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया। वरिष्ठ नेता मलखान सिंह ने इसे ऐतिहासिक पंचायत बनाने का आह्वान किया।
हाथरस जिलाध्यक्ष सत्यदेव पाठक ने कहा कि हाथरस और सादाबाद क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे। वहीं मंडल अध्यक्ष रणवीर चाहर ने कहा कि यह पंचायत किसानों के आंदोलन का नया मोड़ साबित होगी।
बैठक में इनकी भागीदारी उल्लेखनीय रही
सभा को जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया, विपिन यादव, मनीष वर्मा, धीरज कुमार, नत्थू सिंह धाकरे, श्यामवीर सिंह चाहर, रणजीत सिंह, सहित हरिओम जुरैल, बीके चौधरी, गिर्राज सिंह नौहवार, मनीष उपाध्याय, गुरदयाल सिंह, तांतीराम जादौन, हरेंद्र सिंह, अतुल सिंह, अंशुल सिंह, बंटू लवानिया, बच्चू सिंह यादव, लक्ष्मी नारायण यादव और भूरी सिंह यादव ने संबोधित किया।
Bottom of Form
Bottom of Form