पतंग, परंपरा और परोपकारः आगरा में मकर संक्रांति बनी उल्लास, सेवा और संस्कृति का महापर्व

आगरा। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आगरा शहर में उल्लास, उमंग, पतंगबाजी और सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। यमुना तट से लेकर मंदिर प्रांगणों और बस्तियों तक पतंग महोत्सव, दान, पूजन और सामाजिक सेवा के आयोजनों ने पर्व को उत्सव से आगे बढ़ाकर संस्कार और संवेदना का संदेश दिया। राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता ने उत्तरायण पर्व को जन–जन से जोड़ दिया।

Jan 14, 2026 - 21:47
 0
पतंग, परंपरा और परोपकारः आगरा में मकर संक्रांति बनी उल्लास, सेवा और संस्कृति का महापर्व
यमुना आरती स्थल के सामने यमुना की तलहटी में मकर संक्रांति के मौके पर आयोजित पतंग महोत्सव का उद्घाटन करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह।

यमुना आरती स्थल के सामने यमुना की तलहटी में पतंग महोत्सव

यमुना की तलहटी में आयोजित पतंग महोत्सव में पतंग उड़ाते सपा के शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास। 

मकर संक्रांति के अवसर पर बेलनगंज स्थित यमुना आरती स्थल के सामने यमुना की तलहटी में भव्य पतंग महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें आगरा सहित आसपास के जनपदों से आए पतंगबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, समाजवादी पार्टी के शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास और नितिन कोहली ने पतंग उड़ाकर महोत्सव का उद्घाटन किया।

हजारों रंग-बिरंगी पतंगों के बीच ये उड़ी-वो उड़ी, काटो-काटो के शोर से यमुना की तलहटी रोमांच और उत्साह से भर उठी। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह से पतंगबाजी में भाग लिया।
महोत्सव की व्यवस्थाओं का संचालन ठाकुर मथुराधीश मंदिर के महंत नंदन श्रोत्रिय, राधे श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय और दिनेश शर्मा द्वारा किया गया। उपस्थित लोगों को खिचड़ी का प्रसाद और गोलगप्पे वितरित किए गए। पूर्व पार्षद दीपक खरे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

नगर निगम द्वारा विशेष साफ-सफाई व्यवस्था की गई, जिसके लिए आयोजकों ने मेयर और नगरायुक्त के प्रति कृतज्ञता जताई।
कार्यक्रम में श्रीमनःकामेश्वर मंदिर के महंत हरिहर पुरी, सहायक नगर आयुक्त अशोकप्रिय गौतम, सपा नेता सचिन चतुर्वेदी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता, शबाना खंडेलवाल, पार्षद अनुज शर्मा, शैलू पंडित, उपमा गुप्ता, सुधीर उपाध्याय एडवोकेट, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, राजेश खुराना, चतुर्भुज तिवारी, शरद गुप्ता, प्रभाकर पटेल, अवधेश रावत, संगीता जैन, डॉ. हरेंद्र, अविनाश राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रयास फाउंडेशन ने पार्वती घाट पर मनाया पारिवारिक पतंग उत्सव

बल्केश्वर के पार्वती घाट पर आयोजित पतंग महोत्सव की एक झलक।

मकर संक्रांति पर सामाजिक संस्था प्रयास फाउंडेशन आगरा द्वारा बल्केश्वर महादेव मंदिर के सामने स्थित पार्वती घाट पर भव्य पतंग महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पार्षद मुरारी लाल गोयल और पूजा बंसल शामिल हुए।

अतिथियों ने पतंग महोत्सव को हर वर्ष पर्व के रूप में मनाने की आवश्यकता बताते हुए भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।
पारिवारिक सौहार्द और उल्लासपूर्ण वातावरण में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने रंग-बिरंगी पतंग उड़ाईं, नौका व स्टीमर में विहार किया, यमुना पूजन किया और सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाईं। मंगोड़े और चाय के साथ एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी गईं।
फाउंडेशन अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल “गुड्डू” ने सभी आगंतुकों का आभार जताया। कार्यक्रम में गिर्राज बंसल, शंशाक तिवारी, श्याम बिहारी गुप्ता, नितिन कोहली, नीतेश अग्रवाल, रिंकू गर्ग, रवि गुप्ता, नागेंद्र प्रसाद, अतुल गर्ग, अर्पण गुप्ता, विशेष शर्मा, अनिल गुप्ता, मनोज अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, आशीष गुप्ता, विशाखा अग्रवाल, आयुष बंसल और नंदकिशोर गोयल उपस्थित रहे।

तपस्या फाउंडेशन ने दान और संस्कार के साथ मनाया उत्तरायण पर्व

बूढ़ी का नगला, स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में तपस्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित उत्तरायण पर्व उत्सव में बच्चों को कंबल सहित खाद्य सामग्री एवं पतंग वितरित की गई।

मकर संक्रांति को दान एवं पतंग उत्सव के रूप में मनाते हुए तपस्या फाउंडेशन ने बूढ़ी का नगला, दयालबाग स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सेवा कार्य किया। मलिन बस्तियों के 100 से अधिक बच्चों के साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी, संरक्षक नितिन कोहली, आचार्य सुनील कुमार वशिष्ठ, व्यवस्थापक मोहित दिवाकर, दिव्यांश सक्सेना और संयोजिका प्रियंका अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ।
इस अवसर पर जरूरतमंद बच्चों को कंबल, गर्म वस्त्र, खाद्य सामग्री और पतंग वितरित की गईं। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंदिर परिसर को विशेष रूप से पतंग और खिचड़ी उत्सव की थीम पर सजाया गया।
कार्यक्रम में अमोल गुप्ता, सचिन चतुर्वेदी, प्रशांत सोनी, उमेश सिंह, राहुल शाक्य आदि उपस्थित रहे।

व्यापारियों ने सेवा भाव से मनाई मकर संक्रांति

ताजगंज की हनुमान धर्मशाला में मकर संक्रांति पर आयोजित कार्यक्रम की एक झलक।

राष्ट्रीय व्यापारिक सामाजिक महासंघ द्वारा मकर संक्रांति के अवसर पर ताजगंज स्थित हनुमान धर्मशाला में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि रवि प्रकाश अग्रवाल, संस्थापक संजीव पोरवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष राम चरण पोरवाल और सपा शिक्षक सभा की जिलाध्यक्ष सुलेखा श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजू गोयल ने कहा कि मकर संक्रांति दान, करुणा और सेवा का पर्व है। कार्यक्रम के तहत लगभग 200 जरूरतमंद एवं बेसहारा लोगों को गजक, कंबल और गर्म कपड़े वितरित किए गए।
इस अवसर पर शीलू गुप्ता, मनोज कुमार, प्रशांत कुमार, कमल ठाकुर, अखिलेश पोरवाल, अंशुल बोहरा, विनय पोरवाल, मनीष भारद्वाज, राजीव सविता, राजकुमार यादव, चेतन वर्मा, कालीचरण और आशु सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor