केकेआर ने वेंकटेश अय्यर पर लुटाया धन

जेद्दाह। वेंकटेश अय्यर, एक ऐसा नाम जिसने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में सनसनी मचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। एक तरफ क्रिकेट जगत इस बात से हैरान था कि केएल राहुल को दिल्ली कैपिटल्स ने महज 14 करोड़ रुपये में खरीदा है, जबकि उनपर 20-25 करोड़ रुपये तक बोली जाने का अनुमान था। मगर भारतीय ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर पर केकेआर ने खूब पैसा लुटाया है। केकेआर ने वेंकटेश को 23.75 करोड़ की मोटी रकम देकर खरीदा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर वेंकटेश अय्यर इतने महंगे क्यों बिके हैं?

Nov 26, 2024 - 12:32
 0
केकेआर ने वेंकटेश अय्यर पर लुटाया धन

वेंकटेश अय्यर, आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में ऋषभ पंत (27 करोड़) और श्रेयस अय्यर (26.75 करोड़) के बाद तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर वेंकी मायसोर का कहना था कि उनकी प्राथमिकता टीम की नींव को मजबूत बनाने की थी। इसी टीम में केकेआर मैनेजमेंट ने क्विंटन डी कॉक और एनरिक नॉर्खिया जैसे नामी दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को भी शामिल किया है।

वेंकी मायसोर ने वेंकटेश अय्यर पर लगी 23.75 करोड़ रुपये की बोली का कारण बताते हुए कहा था कि ऑक्शन अक्सर आपको चौंका देता है। सबसे महत्वपूर्ण विषय यही होता है कि आप कैसे खिलाड़ी चाहते हैं और वो आपकी टीम के अंदर कैसे फिट बैठ सकते हैं। कीमत एक निश्चित सीमा के अंदर रहनी चाहिए, लेकिन नीलामी प्रक्रिया अक्सर चौंकाने वाली साबित होती है। उन्होंने यह भी बताया कि सैलरी कैप बढ़ रहा है, इसलिए खिलाड़ियों पर लगने वाली बोली भी निश्चित ही बढ़ेगी। केकेआर पुराने खिलाड़ियों को लाकर अपनी टीम का आधार मजबूत करना चाहता था।

वेंकटेश अय्यर की मांग इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि खासतौर पर पिछले दो सीजन से उन्हें केकेआर के लिए ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करते देखा जा रहा है। उन्होंने पिछले 2 सीजन में कोलकाता के लिए खेलते हुए 28 मैचों में 774 रन बनाए हैं, जिनमें एक शतक और 6 फिफ्टी भी शामिल हैं। उन्होंने आईपीएल 2024 में करीब 159 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की थी।