कृष्ण जन्मोत्सव-2025 की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से, 15 अगस्त को मथुरा में भक्तिरस और देशभक्ति का संगम
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 15 अगस्त को मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें दो दर्जन से अधिक कलाकार समूह लोक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भक्तिरस व देशभक्ति का अद्भुत संगम पेश करेंगे। आयोजन उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद व विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से होगा।
-सीपी सिंह सिकरवार-
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2025 के अंतर्गत 15 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक भव्य, आकर्षक एवं दिव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा का शुभारंभ श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर-1 से होगा, जिसमें लगभग दो दर्जन कलाकार समूह अपनी-अपनी लोक एवं सांस्कृतिक कलाओं का मनमोहक प्रदर्शन करेंगे।
इस भव्य आयोजन का संचालन उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से किया जा रहा है। शोभायात्रा के स्वागत के लिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति विशेष व्यवस्था करेंगे। संस्कार भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी सुरेंद्र सक्सेना एवं शिव कुमार गुप्ता शोभायात्रा की संपूर्ण व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे।
अग्रवाल सभा के जयंती प्रसाद अग्रवाल एवं भाजपा नेता एस.के. शर्मा शोभायात्रा में शामिल कलाकारों व गणमान्यों का पटुका पहनाकर सम्मान करेंगे। इसी क्रम में होटल शीतल रीजेंसी पर स्वामी एवं विहिप नेता श्री अमित जैन शोभायात्रियों का स्वागत करेंगे।
कार्यक्रम में कृष्ण भक्ति के साथ देशभक्ति का भी अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कलाकार हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे वातावरण में भक्ति और राष्ट्रप्रेम की संयुक्त धारा प्रवाहित होगी।
शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को होटल शीतल रीजेंसी में एक बैठक हुई, जिसमें श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, संस्कार भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी शिव कुमार गुप्ता एवं सुरेंद्र सक्सेना, होटल रीजेंसी के स्वामी अमित जैन, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सहायक अभियंता आर.पी. सिंह यादव, परिषद के कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शोभायात्रा को क्रमबद्ध तरीके से निकाला जाएगा। इसके लिए एमबीडीए स्टाफ, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद अनुभव मिल सके।