सिक्किम में आर्मी कैंप पर भूस्खलन तीन की मौत नौ जवान लापता
गंगटोक। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में बारिश और भूस्खलन ने तबाही मचाई हुई है। सिक्किम में रविवार देर शाम आर्मी कैंप पर हुए लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें कुछ जवान भी शामिल हैं। अबतक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि नौ जवान लापता भी हैं, जिनके लिए तलाशी अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक, उत्तरी सिक्किम के चट्टन में रविवार की शाम करीब 7 बजे आर्मी कैंप पर लैंडस्लाइड हुआ था, जिससे आस-पास के इलाकों में बने घरों को भारी नुकसान हुआ है। इस लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग लापता भी हैं। मृतकों की पहचान करने और लापता लोगों की पहचान के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
उत्तर सिक्किम में भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोचन और लाचुंग इलाकों में करीब 1500 पर्यटक फंस गए हैं। मंगन जिले के एसपी सोनम देचू भूटिया ने बताया कि लाचेन में 115 और लाचुंग में 1,350 पर्यटक ठहरे हुए हैं। भूस्खलन की वजह से दोनों ओर से रास्ते बंद हो गए हैं। सभी पर्यटकों को फिलहाल अपने होटलों में ही रहने की सलाह दी गई है।