लॉयर्स कॉलोनी मंदिर चोरी का पर्दाफाश, पीछे की दीवार फांदकर घुसा आरोपी, बाहर पहरा देते रहे साथी
आगरा। आगरा के प्रसिद्ध राधा–कृष्ण मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी में चांदी का छत्र, मुकुट और दानपात्र से नकदी गायब कर दी गई थी। पुलिस की साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम की सटीक निगरानी ने इस मामले में बड़ी सफलता दिलाई है।
आगरा। आगरा के प्रसिद्ध राधा–कृष्ण मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी में चांदी का छत्र, मुकुट और दानपात्र से नकदी गायब कर दी गई थी। पुलिस की साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम की सटीक निगरानी ने इस मामले में बड़ी सफलता दिलाई है।
गौरतलब है कि आगरा में थाना न्यू आगरा पुलिस ने 31 दिसंबर को लॉयर्स कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में चोरी से खलबली मच गई थी। पुलिस टीम इसके खुलासे के लिए दिन-रात एक किए हुई थी। अंतत: पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की तत्पर कार्रवाई में चोरी की नकदी, चांदी के घंटे और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हैदर पुत्र शमीम निवासी कोठी नगर, थाना सिकंदरा, राजू उर्फ राजकुमार वर्मा पुत्र महेंद्र वर्मा निवासी मोती कटरा, थाना एमएम गेट और अमन पुत्र स्व. विजेंद्र सिंह निवासी इंद्रा नगर, नगला बूढ़ी, थाना न्यू आगरा के रूप में हुई है।
वारदात का तरीका भी चौंकाने वाला
पुलिस के मुताबिक चोरी की योजना पहले से बनाई गई थी। वारदात की रात राजू और अमन मंदिर के बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे, जबकि हैदर पीछे की दीवार फांदकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। अंदर पहुंचते ही उसने मंदिर का ताला तोड़ा, दानपेटी को क्षतिग्रस्त किया और उसमें रखी लगभग 600 रुपये की नकदी के साथ शिवलिंग से जुड़े चांदी के घंटे चुरा लिए।
चांदी गलाकर की बिक्री, 70 हजार में सौदा
चोरी के बाद आरोपी उसी दिन शाम को चोरी किए गए घंटों को गलवाने ले गए। पूछताछ में सामने आया कि राजू ने चांदी को पांच हिस्सों में बांटा। इनमें से करीब 400 ग्राम चांदी का एक हिस्सा 70 हजार रुपये में एक सर्राफ को बेच दिया गया, जबकि शेष हिस्से आपस में बांट लिए गए। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर शेष चांदी भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई न सिर्फ मंदिर चोरी के इस मामले का खुलासा है, बल्कि धार्मिक स्थलों में चोरी और चांदी के अवैध कारोबार पर भी सख्त संदेश है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।