मथुरा में वकीलों का दिन भर डीएम आफिस और पुलिस लाइन पर हंगामा, दरोगा घायल

मथुरा। कृष्णा नगर पुलिस चौकी इंचार्ज द्वारा एक अधिवक्ता के साथ की गई मारपीट और उसके खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे को लेकर वकीलों ने आज भी पुलिस लाइन से लेकर तहसील तक जबर्दस्त नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही एसडीएम को इस मामले में ज्ञापन भी दिया गया।

Mar 18, 2025 - 22:50
 0
मथुरा में वकीलों का दिन भर डीएम आफिस और पुलिस लाइन पर हंगामा, दरोगा घायल
डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए अधिवक्तागण। पुलिस लाइन के सामने सड़क पर बैठकर धरना देते हुए वकील

वकीलों द्वारा प्रदर्शन के दौरान आज सिविल लाइन चौकी प्रभारी भी घायल हो गए। दरोगा के खिलाफ कार्रवाई कराए जााने को लेकर वकीलों द्वारा आज पुलिस लाइन से लेकर तहसील तक जमकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया गया। वकीलों ने चौकी इंचार्ज को भी हमला कर घायल कर दिया। चौकी इंचार्ज को अस्पताल ले जाया गया है।

गौरतलब है कि एक एक्सीडेंट के मामले अधिवक्ता अमरजीत सिंह के साथ चौकी कृष्णा नगर इंचार्ज ने मारपीट ही नहीं की, बल्कि उनके खिलाफ एक झूंठा मुकदमा भी दर्ज कराया था। चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई को लेकर वकीलों ने सोमवार को भी एसएसपी कार्यालय पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। 

इसके साथ ही बार एसोसिएशन के आह्वान पर हड़ताल भी कर दी। आज हड़ताल के दूसरे दिन वकीलों ने चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एसडीएम को ज्ञापन दिया। डीएम कार्यालय पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद अधिवक्ताओं के कई ग्रुप नारेबाजी करते हुए पुलिस लाइन के सामने सड़क पर बैठ गए। बड़ी संख्या में मौजूद वकीलों को देखते हुए यहां पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गए। सड़क पर जाम लग गया। पुलिसकर्मियों ने नारेबाजी आदि करने के बाद भी पेशंस नहीं खोया। 

कुछ लोगों ने वहां से वाहनों पर गुजरते लोगों के साथ मारपीट की। पुलिस वालों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इस पर कुछ लोगों ने एक होमगार्ड और एक सिपाही के साथ वहां धक्कामुक्की करते हुए उनकी वर्दी भी फाड़ दी। आधा घंटे से अधिक देरी तक यहां वकील हंगामा करते रहे।

रजिस्ट्री कार्यालय के गेट बंद किया

मथुरा। कचहरी में आक्रोशित वकीलों के समूह ने रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर कार्यालय के बाहर वाले गेट को भी बंद कर दिया। इसके चलते रजिस्ट्री कार्यालय पर होने वाला रजिस्ट्री कार्य भी काफी समय तक के लिए रुका रहा। 

इसके बाद अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंच गए। वहां तहसील में चल रहे काम को भी नारेबाजी करके बंद करा दिया। तहसील में भी कुछ समय के लिए कार्य प्रभावित हुआ।

प्रदर्शन के दौरान कई लोगों के साथ मारपीट

मथुरा। वकीलों के प्रदर्शन के दौरान कई लोगों से हुई मारपीट में चुटैल हुए लोगों और पुलिस व होमगार्ड का पुलिस अधिकारियों ने जिला अस्पताल में मेडिकल भी कराया। इस बारे में थाना प्रभारी निरीक्षक सदर बाजार से जब पूछा गया कि क्या मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, तो उन्होंने कहा अभी कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

मामले की जांच जारी, शीघ्र आ सकती है रिपोर्ट

मथुरा। चौकी इंचार्ज कृष्णा नगर विक्रांत तोमर द्वारा अधिवक्ता अमरजीत सिंह के साथ की गई मारपीट के मामले की जांच प्रशिक्षु आईपीएस द्वारा की जा रही है। डीआईजी/एसएसपी ने इस मामले की जांच दो दिन के अंदर करके देने को कहा गया था। इस मामले की जांच रिपोर्ट कल भी आ सकती है।