आगरा में इनर रिंग रोड पर ग्रेटर आगरा हाईटेक टाउनशिप का लेआउट एडीए बोर्ड बैठक में स्वीकृत

आगरा। शहर की तेजी से बढ़ती आवासीय और वाणिज्यिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इनर रिंग रोड टाउनशिप का लेआउट आगरा विकास प्राधिकरण बोर्ड ने स्वीकृत कर दिया है। लगभग 449 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित यह टाउनशिप 4353 आवासीय भूखंडों, ग्रुप हाउसिंग, वाणिज्यिक और सामुदायिक सुविधाओं से लैस होगी। योजना में ग्रीन कॉरिडोर, साइकिल ट्रैक, वॉकवे, मनोरंजन सुविधाएं, सीवरेज और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी आधारभूत सुविधाएं शामिल हैं, जिससे टाउनशिप उच्च स्तरीय जीवनशैली और स्मार्ट सिटी मानकों का उदाहरण बनेगी।

Oct 13, 2025 - 19:44
 0
आगरा में इनर रिंग रोड पर ग्रेटर आगरा हाईटेक टाउनशिप का लेआउट एडीए बोर्ड बैठक में स्वीकृत
आयुक्त कार्यालय सभागार में एडीए बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह। मौजूद हैं एडीए वीसी और अन्य अधिकारी और सदस्य।

-टाउनशिप में साइकिल ट्रैक, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, वाणिज्यिक जोन सहित हर सुविधा शामिल होगी

मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज आगरा विकास प्राधिकरण बोर्ड बैठक में इनर रिंग रोड टाउनशिप लेआउट को मंजूरी दे दी गई है। यह बैठक आयुक्त कार्यालय के लघु सभागार में हुई। बैठक में प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं, निर्माण कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों की समीक्षा की गई तथा अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

रायपुर-रहनकलां की भूमि पर बनेगी टाउनशिप

इनर रिंग रोड पर जिस हाईटेक टाउनशिप को मंजूरी दी गई है, वह ग्राम रायपुर व रहनकला क्षेत्र में लगभग 449 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित है। टाउनशिप को 10 हिस्सों में विभाजित किया गया है, जिसमें 4353 आवासीय भूखंड, ग्रुप हाउसिंग, वाणिज्यिक व सामुदायिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

इसके अलावा योजना में ग्रीन कॉरिडोर, साइकिल ट्रैक, वॉकवे, मनोरंजन सुविधाएं, सीवरेज व वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, यूटिलिटी डक्ट्स जैसी आधारभूत सुविधाएं शामिल होंगी। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी टाउनशिप साइट पर समुचित विकास हो और प्रत्येक कमर्शियल भूखंड के पास पर्याप्त पार्किंग हो।

ग्यारह सीढ़ी पर पर स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम

मेहताब बाग स्थित ग्यारह सीढ़ी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु निष्क्रिय फर्म को अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्देश दिए कि जवाब न मिलने की स्थिति में अनुबंध निरस्त करने और हर शुक्रवार स्थानीय कलाकारों से सांस्कृतिक आयोजन का प्रारूप तैयार किया जाए।

प्रवर्तन वार्डों का हुआ पुनर्गठन

बैठक वर्तमान 10 वार्डों में से ताजगंज और छत्ता वार्डों को दो-दो हिस्सों में विभाजित कर अब कुल 12 प्रवर्तन वार्ड बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। इसका उद्देश्य निर्माण कार्यों और अवैध गतिविधियों की प्रभावी निगरानी है।

39 योजनाओं की दरों में संशोधन किया गया

बैठक में वर्ष 2025-26 हेतु जिलाधिकारी सर्किल दरों के आधार पर 39 योजनाओं की दरों को संशोधित किया गया। जिन क्षेत्रों में दरों में वृद्धि हुई, उनमें ताजनगरी, कालिंदी विहार, संजय प्लेस, शाहगंज, बल्केश्वर, सिविल लाइन्स, नेहरू नगर, न्यू राजा मंडी आदि प्रमुख हैं।

विकास योजनाओं में प्रगति की समीक्षा

बैठक में बताया गया कि इनर रिंग रोड (फेज-2) के टोल प्लाजा का 40% कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष तय समय में पूरा किया जाएगा। अटलपुरम योजना के तहत शेष भूमि अर्जित, कन्वेंशन सेंटर के लिए पीपीपी मोड पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शास्त्रीपुरम हाईट्स में अब तक 336 फ्लैट बिक चुके हैं। साथ ही ताजनगरी फेस-2 में जर्जर भवनों को हटाने की प्रक्रिया पीडब्ल्यूडी से कराई जाएगी।

जन समस्याओं पर भी हुआ विचार

गैर सरकारी सदस्य नागेंद्र दुबे ‘गामा’ द्वारा उठाए गए एडीए हाईट्स के पास अतिक्रमण के मुद्दे पर मंडलायुक्त ने नगरायुक्त व एडीए उपाध्यक्ष को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने रमाडा फ्लाईओवर के पास सड़क इंजीनियरिंग सुधार हेतु विशेषज्ञ के साथ निरीक्षण का भी आदेश दिया।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में उपाध्यक्ष श्रीमती एम. अरून्मौली, नगर आयुक्त श्री अंकित खंडेलवाल, सचिव श्रीमती श्रद्धा शांडिल्यायन, एडीएम नगर श्री यमुनाधर चौहान, अधीक्षण अभियंता श्री अतुल कुमार सिंह, सहयुक्त नियोजक श्रीमती स्मिता निगम, गैर सरकारी सदस्य शिव शंकर शर्मा व नागेंद्र प्रसाद दुबे सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor