पक्षियों के लिए आगे आया लीडर्स आगरा, जलपात्र वितरण कर जल संरक्षण और जीव सेवा का दिया संदेश

सामाजिक संस्था लीडर्स आगरा ने संजय प्लेस स्थित इंडिया राइजिंग पार्क में पक्षियों के लिए जलपात्र वितरित कर लोगों से भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने की अपील की। संस्था ने इस दौरान जलपात्रों को पानी से भरकर पार्क में भी रखा।

Jul 30, 2026 - 11:26
 0
पक्षियों के लिए आगे आया लीडर्स आगरा, जलपात्र वितरण कर जल संरक्षण और जीव सेवा का दिया संदेश
संजय प्लेस स्थित इंडिया राइजिंग पार्क में पक्षियों के लिए जलपात्र वितरित करते लीडर्स आगरा के पदाधिकारी।

आगरा। सामाजिक संस्था लीडर्स आगरा की ओर से संजय प्लेस स्थित इंडिया राइजिंग पार्क में पक्षियों के संरक्षण एवं जीव सेवा को समर्पित विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत लोगों को पक्षियों के लिए पानी पीने के जलपात्र वितरित किए गए तथा उन्हें अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से पानी भरकर पक्षियों की सेवा करने के लिए प्रेरित किया गया।

यह अभियान संस्था के मंत्री रोबिन जैन के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वयं भी कई जलपात्रों में पानी भरकर पार्क में विभिन्न स्थानों पर रखा, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते तापमान और शहरीकरण के कारण पक्षियों के लिए पानी के प्राकृतिक स्रोत लगातार कम हो रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने घर, दुकान, कार्यालय या आसपास के सार्वजनिक स्थान पर पानी से भरा एक जलपात्र अवश्य रखे। यह छोटा-सा प्रयास हजारों पक्षियों के जीवन की रक्षा कर सकता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्षद शरद चौहान रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व पार्षद सुनील जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रोबिन जैन, राजेश माहौर, सुनील बग्गा, राहुल जैन, हरिकांत शर्मा, संजय एडवोकेट सहित संस्था के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संस्था के पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे केवल गर्मी के मौसम में ही नहीं, बल्कि वर्षभर पक्षियों के लिए जल एवं दाने की व्यवस्था कर जीव सेवा के इस अभियान से जुड़ें।

SP_Singh AURGURU Editor