प्लास्टिक छोड़ो-कागज़ अपनाओः पेपर बैग दिवस पर नगर निगम का पर्यावरण जागरूकता अभियान
आगरा। अंतरराष्ट्रीय पेपर बैग दिवस के अवसर पर आगरा नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाते हुए शहर में जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से आमजन और व्यापारियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कागज़ और कपड़े से बने बैग अपनाने का संदेश दिया गया। नगर निगम की टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचीं और नागरिकों को पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम की टीम ने शहर के कई वार्डों में जागरूकता सत्र आयोजित किए, जिनमें प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्परिणाम और स्थायी विकल्पों को लेकर चर्चा की गई। इन सत्रों के दौरान कपड़े और पुनर्चक्रित कागज़ से बने बैग आमजन और दुकानदारों को नि:शुल्क वितरित किए गए।
संजय प्लेस में अभियान को मिला विशेष समर्थन
शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय प्लेस में इस अभियान को जोरदार समर्थन मिला। वहां के दुकानदारों और व्यापारिक संगठनों ने पेपर बैग को अपनाने की पहल की सराहना की। इस मौके पर नगर निगम के एसएफआई राघवेंद्र सिंह, संजय प्लेस कंप्यूटर एसोसिएशन अध्यक्ष आरएस सेंगर, चतुर्भुज तिवारी (मीडिया प्रभारी), हीरेन मित्तल, दीप सिंह, यशपाल, नितिन और धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने इस जागरूकता कार्यक्रम को पर्यावरण-संवेदनशील और सकारात्मक पहल बताया। कई लोगों ने मौके पर ही संकल्प लिया कि वे आगे से प्लास्टिक बैग का प्रयोग नहीं करेंगे और पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपनाएंगे।
नगर निगम की अपील
आगरा नगर निगम ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि वे प्लास्टिक मुक्त आगरा के निर्माण में सहभागी बनें और अपने दैनिक जीवन में हरित विकल्पों को प्राथमिकता देकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।