विधिक इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन, विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक और सामाजिक न्याय का पाठ

आगरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा द्वारा आगरा कॉलेज के सहयोग से संचालित ग्रीष्मकालीन विधिक इंटर्नशिप कार्यक्रम का आज विधिवत समापन हो गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विधि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान देना और उन्हें विधिक सेवा तंत्र से जोड़ना था।

Jun 10, 2025 - 20:21
 0
विधिक इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन, विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक और सामाजिक न्याय का पाठ
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा द्वारा आगरा कॉलेज के सहयोग से संचालित ग्रीष्मकालीन विधिक इंटर्नशिप कार्यक्रम के समापन समारोह में मौजूद अतिथि एवं विद्यार्थी।  

रामलाल वृद्धाश्रम पहुंचे छात्र

शिविर के अंतिम दिन की गतिविधियों का शुभारंभ राम लाल वृद्धाश्रम, आगरा के शैक्षणिक भ्रमण से हुआ, जहां विद्यार्थियों ने वृद्धजनों की देखभाल व्यवस्था, संस्था की कार्यप्रणाली और उनसे जुड़े विधिक पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज के उपेक्षित वर्गों की सेवा और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना था।

समापन सत्र के मुख्य अतिथि थे जिला जज

समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार मलिक ने विधिक शिक्षा, सामाजिक न्याय, मानवाधिकार और संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। डॉ. दिव्यानंद द्विवेदी, अपर जिला न्यायाधीश/सचिव ने कार्यक्रम की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

अहम मुद्दों पर हुए व्याख्यान

पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में विधिक समस्याएं विषय पर प्रो. लवकुश मिश्रा (डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय) ने उपभोक्ता संरक्षण, अनुबंध कानून, मानवाधिकार, पर्यावरण संरक्षण और विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर व्याख्यान दिया।

मौलिक अधिकार एवं रिमांड से संबंधित विधि विषय पर महेश चंद्र वर्मा, अपर जिला न्यायाधीश ने मौलिक अधिकारों की संवैधानिक व्याख्या और रिमांड प्रक्रिया की विधिक व्याख्या प्रस्तुत की।

छात्रों की सक्रियता सराहनीय रही

अरुण कुमार दीक्षित (समन्वयक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) ने छात्रों की सक्रियता की सराहना की। डॉ. सी. के. गौतम (प्राचार्य, आगरा कॉलेज) ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विधिक शिक्षा को व्यवहारिक धरातल पर लाते हैं। डॉ. मदन मोहन शर्मा (अध्यक्ष, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी) ने शिक्षा व विधिक संस्थानों के समन्वय को समाज के लिए लाभकारी बताया। सभी प्रतिभागी इंटर्नशिप विद्यार्थियों के कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor