चारदीवारी में बुझ गई ज़िंदगी, शास्त्रीपुरम में अकेलेपन ने ले ली 78 वर्षीय बुजुर्ग की जान
आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित शिवम एलिगेंट अपार्टमेंट में 78 वर्षीय रिटायर्ड इंजीनियर शैलेंद्र कुमार की अकेलेपन और बीमारी के चलते दर्दनाक मौत हो गई। दो–तीन दिन से फ्लैट बंद रहने पर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, जहां शव मिला। घर में ऑनलाइन फूड पैकेट और दवाइयों ने उनके अकेले जीवन की कहानी बयां कर दी। पुलिस ने रिश्तेदारों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिवम एलिगेंट अपार्टमेंट में मिला रिटायर्ड इंजीनियर का शव, दो–तीन दिन से बंद फ्लैट ने खोला दर्दनाक सच
आगरा। आगरा के शास्त्रीपुरम, सिकंदरा स्थित शिवम एलिगेंट अपार्टमेंट में शनिवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां फ्लैट के भीतर 78 वर्षीय रिटायर्ड इंजीनियर शैलेंद्र कुमार का शव मिलने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि बुजुर्ग पिछले कई दिनों से अकेले रह रहे थे। जब दो–तीन दिन तक उनके फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला और भीतर से कोई हलचल नहीं दिखी, तो पड़ोसियों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका के चलते तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया गया। जैसे ही पुलिस और पड़ोसी अंदर दाखिल हुए, वहां का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। बुजुर्ग का शव कमरे में पड़ा मिला। घर के भीतर ज़ोमैटो और जेपेटो के खाली पैकेट, दवाइयां और जरूरी सामान बिखरे पड़े थे, जो इस बात का गवाह थे कि शैलेंद्र कुमार लंबे समय से बीमारी और उम्र से जूझते हुए अकेले अपनी जिंदगी गुजार रहे थे।
चार दीवारों के बीच सिमटी उनकी दुनिया में न कोई साथ था, न कोई सहारा। परिवार के सदस्य उनसे दूर रहते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि उनका गोद लिया हुआ पुत्र पुणे में सैन्य सेवा में तैनात है। वहीं अन्य रिश्तेदार आगरा के लोहा मंडी क्षेत्र में रहते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण बीमारी और वृद्धावस्था माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
यह घटना केवल एक मौत नहीं, बल्कि महानगरों में बढ़ते अकेलेपन की एक मार्मिक तस्वीर है, जहां बुजुर्ग अपनों के इंतज़ार में चुपचाप दम तोड़ देते हैं। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर और आसपास के इलाके में गहरा शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।