आगरा के बाकंदा खास गांव में 34 घंटे की मशक्कत के बाद कुएं से मिली मासूम रेहांश की निर्जीव देह

आगरा। किरावली थाना क्षेत्र के बाकंदा खास गांव के जलदरिया कुएं में पांच वर्षीय बालक रेहांश का शव बरामद कर लिया गया है। 34 घंटे तक चले सघन रेस्क्यू ऒपरेशन के बाद बालक के शव को बाहर निकाला जा सका। बच्चे के शव के बाहर निकलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन ही नहीं, गांव का हर व्यक्ति इस मासूम के शव को देखकर बिलख उठा। बच्चे के मां-बाप तो होश ही खो बैठे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

Nov 1, 2025 - 20:53
 0
आगरा के बाकंदा खास गांव में 34 घंटे की मशक्कत के बाद कुएं से मिली मासूम रेहांश की निर्जीव देह
बाकंदा खास गांव में कुएं से निकाली मासूम रेहांश की निर्जीव देह, जिसके देख हर किसी का कलेजा मुंह को आ गया

विगत दिवस 11 बजे गांव के निवासी गोपाल सिंह का पांच वर्षीय पुत्र रेहांश खेत पर स्थित 40 फीट गहरे कुएं में गिर गया था। उसी के बाद से बालक को बचाने के लिए कोशिशें चल रही थीं, लेकिन कुएं की अथाह जलराशि के कारण कामयाबी नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद कुएं को सुखाकर बालक को बचाने की कोशिशों के तहत तीन ट्रैक्टर और कई पंप सेट लगाकर पानी खींचा गया। कल पूरे दिन और आधी रात तक कुएं से पानी खींचा जाता रहा। आसपास के खेत पानी से लबालब हो गए, लेकिन कुआं जलविहीन नहीं हो पाया क्योंकि जितना पानी निकाला जाता था, उतना ही फिर से भर जाता था। इसकी वजह कुएं का खारी नदी के पास होना है।

आज दोपहर के बाद प्रशासन ने रणनीति बदली और कुएं को जलविहीन करने के लिए कुएं में दो समरसेबिल पंप लगाकर पानी खींचा गया। इसका असर हुआ और कुएं की तलहटी दिखते ही पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान कुएं में उतरे। बालक रेहांश का शव कुएं की तलहटी में जमा कीचड़ में धंसा मिला। जवानों ने शव को खींचकर कीचड़ से बाहर निकाला।

जैसे ही बालक का शव बाहर आया, वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो उठीं। मौजूद प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस के जवान भी भावुक हो उठे। बच्चे के मां-बाप तो अपने लाड़ले का शव देखकर दहाड़ें मारकर रोने लगे। गांव के लोगों ने इन्हें ढाढस बंधाया।

बता दें कि रेहांश को बचाने के प्रयासों में सबसे पहले गांव के नौजवान रस्सियों के सहारें कुएं में उतरे, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड के जवान सीढ़ी लगाकर कुएं में उतरे, लेकिन अथाह जलराशि में वे भी बालक को तलाशने में नाकाम रहे। इसके बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमें भी लगी रहीं। आज पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों ने कुएं का पानी खिंचने के बाद बच्चे को बाहर निकाला।

पूरा गांव और अधिकारी इस बात से हैरान थे कि इस कुएं में इतनी अथाह जलराशि है। जितना पानी निकाला जा रहा था, उतना ही फिर से भर जाता था।

-किरावली से रवीन्द्र लवानिया की रिपोर्ट

SP_Singh AURGURU Editor