जीवन का अंतिम पाठ: देहदान के जरिए मथुरा के विजय कुमार छोड़ गए ज्ञान और सेवा की विरासत
मथुरा निवासी विजय कुमार अपनी अंतिम इच्छा के अनुसार मृत्यु के बाद भी समाज के लिए प्रेरणा बन गए। उनके परिवार ने उनकी पार्थिव देह को एस.एन. मेडिकल कॉलेज आगरा में चिकित्सा शिक्षा के लिए दान करके दूसरों के जीवन में रोशनी फैलाने का संकल्प पूरा किया। यह मानवीय कार्य हेल्प आगरा एवं प्रयास फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुआ।
मथुरा। मानवीय मूल्यों की मिसाल पेश करते हुए मथुरा निवासी विजय कुमार की पार्थिव देह को चिकित्सा शिक्षा के लिए दान किया गया है। विजय कुमार ने अपने जीवनकाल में इच्छा व्यक्त की थी कि उनकी मृत्यु के बाद उनका शरीर डाक्टरों के अध्ययन हेतु समर्पित किया जाए। सोमवार को निधन के बाद उनके परिजनों ने हेल्प आगरा एवं प्रयास फाउंडेशन के माध्यम से उनकी इच्छा को पूरा किया।
मृतक के परिजनों ने देहदान के संबंध में मथुरा के कृष्ण कुमार अग्रवाल से संपर्क किया था। इस सूचना पर हेल्प आगरा की ओर से नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई और विजय कुमार का शव आगरा लाया गया।
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अंजलि गुप्ता की ओर से विभाग के सुनील ने पार्थिव देह को औपचारिक रूप से ग्रहण किया। इस दौरान मृतक के परिजन आशु अग्रवाल और यश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
हेल्प आगरा के महामंत्री गौतम सेठ, नंदकिशोर गोयल और जगवीर सिंह के सहयोग से यह देहदान कार्य पूरी श्रद्धा और संवेदना के साथ संपन्न हुआ।
इस मानवीय पहल से न केवल चिकित्सा के क्षेत्र में अध्ययनरत छात्रों को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी, बल्कि समाज में देहदान की प्रेरणा भी बढ़ेगी।