लॉयंस क्लब आकाश का नवसत्र गौ सेवा और वृक्षारोपण से शुरू होगा, तय हुए वार्षिक सेवा प्रकल्प
आगरा। लॉयंस क्लब आकाश की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक रविवार को विजय नगर में सम्पन्न हुई, जहां सेवा और सामाजिक सरोकारों के संकल्प के साथ नए सत्र की रूपरेखा तय की गई। बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसे सभी सदस्यों ने सेवा, समर्पण और सौहार्द के प्रतीक के रूप में अपनाया।
क्लब अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने सत्र 2025-26 की योजना साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष क्लब द्वारा गौ सेवा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत फाउंड्री नगर स्थित राधा कृष्ण गौशाला को क्लब द्वारा गोद लिया गया है, जहां नियमित सेवा गतिविधियां की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सत्र का पहला सेवा प्रकल्प वृक्षारोपण अभियान होगा। क्लब द्वारा फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का सामूहिक रोपण कर हरित समाज की ओर प्रेरणा दी जाएगी।
सचिव अनुराधा गुप्ता ने कहा कि यह बैठक क्लब की सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने बताया कि आगामी महीनों में नेत्र जांच शिविर, रक्तदान, हेल्थ अवेयरनेस, महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर भी क्लब द्वारा कार्य योजनाएं बनाई जा रही हैं।
कोषाध्यक्ष जसविंदर सिंह ने वित्तीय पारदर्शिता और संसाधनों के समुचित उपयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि समाज के सहयोग से क्लब की प्रत्येक योजना को सफल रूप मिलेगा।
बैठक में क्लब पदाधिकारियों के साथ संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, बी.के. अग्रवाल, अनमोल गुप्ता, दिनेश सिंघल, पवन पेंगोरिया, सुनील कुमार शर्मा, नितिन अग्रवाल, बृजराज सिंह, संजय अग्रवाल, मुकेश गोयल, राजकुमार खन्ना, रोहित माहेश्वरी, मुन्नालाल गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।