आगरा में लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो का शुभारंभ, सेवा–सशक्तिकरण–समर्पण का लिया संकल्प
आगरा। महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा और संगठित नेतृत्व को नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लायंस क्लब इंटरनेशनल के अंतर्गत लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321C2 में नवगठित महिला क्लब लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो का विधिवत शुभारंभ भव्य और गरिमामय समारोह के साथ किया गया। यह आयोजन न केवल महिला नेतृत्व की बढ़ती भूमिका का प्रतीक बना, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में महिलाओं की निर्णायक भागीदारी का भी सशक्त संदेश देता नजर आया।
संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबिता सिंह चौहान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में लायंस इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय निदेशक जितेंद्र सिंह चौहान की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर नवगठित क्लब की कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की गई, जिसमें रितिका अग्रवाल को अध्यक्ष, सलोनी माहेश्वरी को सचिव एवं दीपा अग्रवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी पदाधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंदों की सेवा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय और निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि महिला नेतृत्व आज समाज परिवर्तन की सबसे मजबूत धुरी बन चुका है। सेवा, समर्पण और संगठन के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो आगरा में महिला शक्ति को संगठित कर सामाजिक सरोकारों को नई ऊर्जा देगा।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय निदेशक जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि लॉयंस आंदोलन की असली शक्ति उसकी निस्वार्थ सेवा भावना और समर्पित नेतृत्व में निहित है। उन्होंने विशेष रूप से महिला नेतृत्व की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जब महिलाएं संगठित होकर समाज सेवा का संकल्प लेती हैं, तो परिवर्तन स्थायी और प्रभावशाली होता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने एक स्वर में समाजहित में सतत सेवा कार्य करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव तोमर, द्वितीय उप जिला गवर्नर अजय भार्गव, अल्पना भार्गव, ऋतु गोयल, सोनालिका अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लॉयंस सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।