लायंस क्लब कोहिनूर ने स्कूल को फर्नीचर और विद्यार्थियों को स्टेशनरी व फूड पैकेट भेंट किए
लायंस क्लब एमजेएफ कोहिनूर ने अपने मासिक सेवा प्रकल्प के तहत आगरा के मुफीद-ए-आम मोंटेसरी स्कूल में सामाजिक सरोकारों से जुड़ा प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया। क्लब ने विद्यालय के एक कक्षा कक्ष के लिए आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री एवं फूड पैकेट वितरित किए। कार्यक्रम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय निदेशक जितेंद्र चौहान ने क्लब की सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
आगरा। लायंस क्लब एमजेएफ कोहिनूर की ओर से मासिक सेवा कार्य के अंतर्गत मोतीलाल नेहरू रोड स्थित मुफीद-ए-आम मोंटेसरी स्कूल में सेवा प्रकल्प का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के एक क्लास रूम के लिए आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी सामग्री एवं फूड पैकेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय निदेशक जितेंद्र चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लायंस क्लब एमजेएफ कोहिनूर विश्व का एकमात्र ऐसा क्लब है, जिसकी प्रत्येक महिला सदस्य को मेल्विन जोन्स फेलोशिप (एमजेएफ) प्राप्त है। यह उपलब्धि क्लब की उत्कृष्ट सेवा भावना, समर्पण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि क्लब निरंतर शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है, जिससे अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी प्रेरणा मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस क्लब की स्थापना राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने की थी।
क्लब की अध्यक्ष उषा अग्रवाल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों की सहायता करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा का भाव पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों ने प्रेरणादायक कविताओं का पाठ भी किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर क्लब की सचिव सुषमा जैन, कोषाध्यक्ष नेहा अग्रवाल, सह सचिव रुचि अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष सीमा अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल और यशोधरा जैन सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।