लायंस क्लब समर्पण का पारिवारिक क्रिकेट मैच बना जोश, एकता और फिटनेस का प्रतीक
आगरा। सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की पहचान लायंस क्लब समर्पण, आगरा ने एक बार फिर मैदान पर भी अपनी ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया। क्लब के तत्वावधान में सिकंदरा रोड स्थित केशव फार्म हाउस में आयोजित पारिवारिक मैत्री क्रिकेट मैच में चौकों-छक्कों की गूंज के बीच उत्साह, भाईचारे और खेल भावना का जबरदस्त नज़ारा देखने को मिला। यह आयोजन केवल एक खेल नहीं, बल्कि परिवार, स्वास्थ्य और संगठनात्मक एकता का सशक्त संदेश बनकर उभरा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव ने टॉस करवाकर मैच का विधिवत शुभारंभ किया। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन लायंस क्लब की सेवा भावना को मजबूत करने के साथ-साथ पारिवारिक एकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि जब सेवा के साथ खेल और परिवार जुड़ते हैं, तब संगठन की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है।
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात कर दी, वहीं दर्शकों और परिजनों ने तालियों और उत्साहवर्धन से माहौल को जीवंत बनाए रखा। पूरे आयोजन में खेल भावना, आपसी सौहार्द और अनुशासन साफ झलकता रहा।
इस अवसर पर लायंस क्लब समर्पण के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अध्यक्ष अंशु मित्तल, सचिव राजीव मित्तल, उपाध्यक्ष राहुल गोयल, चेयरपर्सन एमजेएफ मनीष अग्रवाल, संजय मित्तल, प्रवीण अग्रवाल, विनीत गुप्ता, विकास अग्रवाल, हरिंदर, सोमेंद्र जैन, मनोज, नवीन अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, आशीष गोयल, अंकित, संदीप अग्रवाल, राजीव मित्तल, प्रवीण पाठक, राहुल मंगल, संजय अग्रवाल, विकास जैन, संदीप मित्तल सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां सभी ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।