लायंस क्लब की दोहरी सेवा पहल: निराश्रित वृद्धजनों की मदद और गौ सेवा के संकल्प ने बढ़ाया सामाजिक दायित्व

आगरा। सामाजिक उत्थान और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित लायंस क्लब ने रविवार को दो प्रमुख सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल मानव सेवा बल्कि गौ सेवा के प्रति भी अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। एक ओर निराश्रित वृद्धजनों के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया, वहीं दूसरी ओर गौवंशों के पोषण हेतु आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।

Nov 23, 2025 - 18:34
 0
लायंस क्लब की दोहरी सेवा पहल: निराश्रित वृद्धजनों की मदद और गौ सेवा के संकल्प ने बढ़ाया सामाजिक दायित्व
न्यू राजामंडी स्थित अपना घर आश्रम में लायंस क्लब फ्रेंड्स महान के पदाधिकारी आश्रम की प्रबंध समिति की प्रमुख सुषमा मंगल को सेवा राशि सौंपते हुए। साथ हैं अध्यक्ष अतुल बंसल, सचिव योगेश अग्रवाल व अन्य।

 ‘अपना घर आश्रम’ आगरा में लायंस क्लब फ्रेंड्स महान का सेवा कार्यक्रम

लायंस क्लब फ्रेंड्स महान ने भरतपुर स्थित ‘अपना घर आश्रम’ की न्यू राजा मंडी स्थित आगरा शाखा में सेवा कार्य आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय आर.एन. वर्मा, अजय भार्गव और योगेश कंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

क्लब के अध्यक्ष अतुल बंसल ने बताया कि आश्रम में रह रहे 47 निराश्रित वृद्धजनों की जरूरतों को देखते हुए क्लब ने पलंग, फर्नीचर, टेबल और गद्दों की व्यवस्था हेतु 1 लाख 33 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। यह धनराशि आश्रम प्रबंध समिति की प्रमुख सुषमा मंगल को सौंपते हुए आश्वासन दिया गया कि क्लब आगे भी ऐसे सेवा कार्यों में सक्रिय रहेगा।

क्लब के सचिव योगेश अग्रवाल ने कहा कि समाज की सेवा ही क्लब की प्राथमिकता है और आगे भी इसी भावना के साथ विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में बी.एम. तापड़िया, रवि अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, किशोर मित्तल, सुनील सिंघल, अजय मित्तल, रूप किशोर सुखवानी, राजीव अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, शरद अग्रवाल व रमेश मित्तल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

लायंस क्लब आकाश की गौ सेवाः 250 से अधिक गौवंशों को मिला पोषाहार

फाउंड्री नगर स्थित राधा कृष्ण गौशाला में गौ सेवा करते लायंस क्लब आकाश के अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, संजीव गुप्ता, नितिन अग्रवाल, पीके मोदी आदि।

लायंस क्लब आकाश द्वारा मासिक गौ सेवा कार्यक्रम के तहत फाउंड्री नगर स्थित राधा कृष्ण गौशाला में रविवार को सेवा कार्य आयोजित किया गया। क्लब कॉर्डिनेटर मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि इस सेवा कार्यक्रम में 50 बोरी भूसा तथा 5 कुंतल गाजर प्रदान कर लगभग 250 से अधिक गौवंशों को पोषाहार उपलब्ध कराया गया।

क्लब अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने कहा कि गौ सेवा क्लब की नियमित गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ सेवा कार्य जारी रहेंगे।
सेवा कार्यक्रम में रीजन चेयरपर्सन संजय गुप्ता, जोन चेयरपर्सन संजीव गुप्ता, पवन पैंगोरिया, नितिन अग्रवाल, मुकेश गोयल, पी.के. मोदी, सी.पी. सिंघल आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor