आगरा में रेस्टोरेंट से बेची जा रही थी शराब, दर्जनों ब्रांडेड बोतलों के साथ मौके से एक गिरफ्तार
आगरा। ताजमहल के एरिया में कानून का मज़ाक उड़ाते हुए चल रहे अवैध शराब कारोबार पर आखिरकार ताजगंज पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। होटल पैराडाइज इन के बेसमेंट में चल रहे ‘सन बार बी क्यू’ नामक रेस्टोरेंट में छापेमारी के दौरान अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ हुआ, जहां से भारी मात्रा में ब्रांडेड शराब और विदेशी वाइन बरामद की गई।
अवैध शराब की बिक्री की सूचना पुलिस को मिली थी। थाना ताजगंज प्रभारी जसवीर सिंह सिरोही और आबकारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल की अगुवाई में टीम ने इस रेस्टोरेंट में छापेमारी की। मौके से अनिल धाकणे पुत्र माता प्रसाद, निवासी बड़ोवरा खुर्द, थाना शमसाबाद को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी में दर्जनों हाई-फाई ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें, अनेक वाइन, ब्रांड्स बियर की बड़ी मात्रा बरामद हुई। होटल के बेसमेंट में अवैध स्टॉकिंग की व्यवस्था भी पाई गई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में गौतम सक्सेना के अलावा राम निवास (गोबर चौकी, ताजगंज), और राज कुमार (ताजगंज) भी नामज़द हैं जो फरार चल रहे हैं। इन पर कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी है। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।