गणित के नन्हे जीनियस: ब्रेनोब्रेन एबेकस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई अद्भुत गणना प्रतिभा

आगरा। जब नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कठिन से कठिन गणितीय सवाल पल झपकते ही हल कर दिए, तो हर कोई दंग रह गया। मौका था शास्त्रीपुरम स्थित गायत्री पब्लिक स्कूल में आयोजित 61वें ब्रेनोब्रेन जोनल एबेकस प्रतियोगिता उत्सव का। इस प्रतियोगिता में आगरा के 10 केंद्रों और फ्रेंचाइज़ी के अलावा मथुरा, गाज़ियाबाद, राज नगर, शामली और मोदीनगर सहित विभिन्न शहरों से आए 750 बच्चों ने भाग लिया और अपनी गति व सटीकता से गणित की नई मिसाल पेश की।

Aug 31, 2025 - 20:05
 0
गणित के नन्हे जीनियस: ब्रेनोब्रेन एबेकस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई अद्भुत गणना प्रतिभा
शास्त्रीपुरम स्थित गायत्री पब्लिक स्कूल में आयोजित 61वें ब्रेनोब्रेन जोनल एबेकस प्रतियोगिता में चैंपियन बच्चों को ट्रॉफी प्रदान करते रीजनल डायरेक्टर अनुराग खेतान। साथ में सिटी कोऑर्डिनेटर कविता अग्रवाल एवं अन्य सदस्य।

प्रतियोगिता के नियम बेहद चुनौतीपूर्ण थे। बच्चों को मात्र 6 मिनट में जोड़, घटाव, गुणा और भाग के 70 प्रश्न हल करने थे। आश्चर्यजनक रूप से प्रतिभागियों ने इतनी तेजी और सटीकता से प्रश्न हल किए कि दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 165 बच्चों को चैंपियन ट्रॉफी, 162 को गोल्ड मेडल और 170 को सिल्वर मेडल से नवाज़ा गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस ट्रॉफी’, जो डिक्टेशन राउंड (तेज़ गति से बोले गए अंकों की गणना) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रदान की गई।

प्रतियोगिता के चैंपियंस बने: पार्थ सिंह, रियांश मित्तल, भीनी जैन, सानवी आनंद, अथर्व खंडेलवाल, रित्विक लखवानी, अन्वी गुप्ता, देव सिंघल और वान्या मित्तल।

कार्यक्रम का संचालन रीजनल डायरेक्टर अनुराग खेतान ने किया और विजेता बच्चों को पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर सिटी कोऑर्डिनेटर कविता अग्रवाल ने बताया कि आगरा के 10 केंद्रों सहित आसपास के जिलों से बच्चों का उत्साहजनक प्रतिभाग आयोजन की सफलता को दर्शाता है। आयोजन की व्यवस्था टीम आगरा की चयनिका अग्रवाल, मीनू कोहली, शिव्या जैन, आलोक चंद्रा, मोहित गर्ग और रूपाली सिंघल आदि ने संभाली।

SP_Singh AURGURU Editor