तर्क, आत्मविश्वास और बौद्धिक तेज से आगरा कॉलेज की छात्राओं का परचम, बीडी जैन में वाद-विवाद प्रतियोगिता जीतकर चल वैजयंती ट्रॉफी पर किया कब्ज़ा

आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा की छात्राओं ने अपने सशक्त तर्क, प्रभावशाली अभिव्यक्ति और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति के बल पर एक बार फिर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। बी.डी. जैन महाविद्यालय, आगरा में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की।

Feb 12, 2026 - 17:31
 0
तर्क, आत्मविश्वास और बौद्धिक तेज से आगरा कॉलेज की छात्राओं का परचम, बीडी जैन में वाद-विवाद प्रतियोगिता जीतकर चल वैजयंती ट्रॉफी पर किया कब्ज़ा
वाद-विवाद प्रतियोगिता में चल वैजयंती ट्रॊफी जीतने वालीं आगरा कॊलेज की छात्राएं।

प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज का प्रतिनिधित्व छात्रा इला शर्मा एवं अदिति शर्मा ने किया। दोनों छात्राओं ने विषय की गहन समझ, तार्किक विश्लेषण और ओजस्वी वक्तव्यों के माध्यम से निर्णायक मंडल को गहराई से प्रभावित किया। उनके विचारों की स्पष्टता और सशक्त प्रस्तुति ने प्रतियोगिता में उन्हें निर्णायक बढ़त दिलाई और प्रथम स्थान सुनिश्चित किया।

छात्राओं ने यह सफलता महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. गौरव प्रकाश के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्राप्त की। उनके सतत निर्देशन, प्रेरणा और अकादमिक सहयोग ने छात्राओं के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी।

महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति की संयोजक प्रो. मृणाल शर्मा ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता आगरा कॉलेज की सुदृढ़ सांस्कृतिक चेतना, बौद्धिक परंपरा और निरंतर प्रयासों का प्रतिफल है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि आगरा कॉलेज विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। यह उपलब्धि छात्राओं की प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन और संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ महाविद्यालय को निरंतर नई ऊंचाइयों तक ले जाती हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय में उत्सव जैसा वातावरण रहा। प्राचार्य प्रो. पी. वी. झा, डॉ. गौरव प्रकाश, प्रो. पूनम चांद, प्रो. भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रो. सुनीता गुप्ता, प्रो. भूपाल सिंह, प्रो. संजय शर्मा, डॉ. अल्पना ओझा, प्रो. गौरव कौशिक सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और चल वैजयंती ट्रॉफी जीतने पर हर्ष जताया।

SP_Singh AURGURU Editor