मॉडलिंग के सपनों को निगल गया प्यार का जाल, आगरा की युवती को शादी के नाम पर मिला धोखा
आगरा। रैंप पर चलकर नाम और पहचान बनाने का सपना संजोए घर से निकली आगरा की एक युवती की ज़िंदगी तब तहस-नहस हो गई, जब मॉडलिंग की चमकती दुनिया में मिला प्यार उसकी बर्बादी का सबब बन गया। जिस शख्स पर उसने भरोसा किया, उसी ने शादी, प्रेम और साथ के नाम पर उसका जीवन नर्क बना डाला। अब यह युवती इंसाफ की गुहार लेकर आगरा के कमला नगर थाने में पहुंची है।
मॉडलिंग शो में हुई मुलाकात, बढ़ी नज़दीकियां
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2019 में दिल्ली के एक मॉडलिंग शो में उसकी मुलाकात कर्मवीर सिंह नामक युवक से हुई थी। दोस्ती जल्द ही प्रेम में बदली और कर्मवीर ने शादी का प्रस्ताव रख दिया। 21 नवंबर 2019 को दोनों ने दिल्ली के एक मंदिर में गुपचुप शादी कर ली। इसके बाद कर्मवीर उसे आगरा लेकर आया, जहां दोनों किराए के मकान में साथ रहने लगे।
नकदी और गहनों के नाम पर ठगी
युवती का कहना है कि पति बने कर्मवीर ने उसके परिवार का विश्वास जीतकर 2 लाख 50 हज़ार रुपये नकद और लगभग 10 तोले सोने के आभूषण अपने पास रख लिए। धीरे-धीरे वह उसे आर्थिक रूप से निर्भर बनाता गया। जब पैसे और गहने खत्म हो गए, तो उसने घर छोड़ दिया। 29 जुलाई 2024 को वह पंजाब में काम मिलने का बहाना बनाकर निकला और फिर कभी लौटा नहीं।
पति की तलाश में पंजाब पहुंची, ससुराल में भी अत्याचार
कई महीनों तक इंतजार के बाद युवती 23 मई 2025 को पंजाब पहुंची और वहां के सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के दबाव में कर्मवीर ने उसे अपने घर बुलाया, जहां कुछ दिनों तक सब सामान्य रहा, लेकिन जल्द ही हालात बदल गए।
युवती का आरोप है कि पति कर्मवीर सिंह के साथ उसके ससुर बलवीर सिंह, सास पम्मी, देवर लवप्रीत, ननदें मनप्रीत और रमन तथा दादी दुर्गी ने मिलकर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न शुरू कर दिया।
26 मई 2025 की रात, जब वह अकेली थी, कर्मवीर ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में अप्राकृतिक कृत्य किया। विरोध करने पर उसे धमकाया गया कि यह पंजाब है, आगरा नहीं… तेरे चार टुकड़े करके फेंक देंगे।
आगरा पहुंचकर दर्ज कराया केस
अपनी जान बचाने के लिए वह किसी तरह पंजाब से भागकर आगरा लौटी और कमलानगर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने पति कर्मवीर सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, उत्पीड़न, धमकी और धोखाधड़ी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टूटी आवाज़ में फूटा दर्द
पीड़िता ने कहा, मैंने रैंप पर चलकर नाम कमाने का सपना देखा था, लेकिन प्यार के नाम पर सब कुछ खो दिया। अब बस इंसाफ चाहिए।
कमलानगर थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस बैंक लेनदेन, फोन कॉल डिटेल, विवाह के दस्तावेज़ और पंजाब में हुई घटनाओं के साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और पारदर्शिता से की जा रही है।
Top of Form
Bottom of Form