आगरा में लक्स मोटर शोः 31 जनवरी और एक फरवरी को होगा लग्जरी कारों का महासंगम
आगरा। आगरा अब केवल ऐतिहासिक विरासत ही नहीं, बल्कि लक्ज़री ऑटोमोबाइल संस्कृति का भी राष्ट्रीय केंद्र बनने जा रहा है। इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए लक्स मोटर शो एडिशन-2 की उद्घोषणा शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड मर्क्योर में की गई। यह लक्ज़री ऑटोमोबाइल प्रदर्शनी 31 जनवरी और 01 फरवरी को ग्रैंड मर्क्योर, जीएमसीसी, फतेहाबाद रोड में आयोजित होगी।
द कार मॉल के संस्थापक शिवम चावला ने बताया कि लक्स मोटर शो एडिशन-2 पूरी तरह इनविटेशन ओनली आयोजन होगा, जिसमें वही अतिथि शामिल होंगे जो वास्तव में लक्ज़री कारों के खरीदार या गंभीर संभावित ग्राहक हैं। उन्होंने बताया कि लक्स मोटर शो के पहले संस्करण को मिली अभूतपूर्व सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि आगरा जैसे शहर लक्ज़री मोबिलिटी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि लक्स मोटर शो एडिशन- 2 पहले संस्करण से कहीं अधिक भव्य, व्यापक और भविष्यपरक होगा। इस बार 11 प्रमुख लक्ज़री ऑटोमोबाइल ब्रांड्स भाग ले रहे हैं और 60 से अधिक लक्ज़री कारें दो दिनों तक डिस्प्ले और टेस्ट ड्राइव के लिए उपलब्ध रहेंगी।
ये दिग्गज ब्रांड होंगे शामिल
आयोजन में मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्ल्यू, ऑडी, वोल्वो, एमआईएनआई, बीवाईडी, एमजी सिलेक्ट, विन फास्ट, महिंद्रा, टेस्ला और बीएमडब्ल्यू मोटोरेड जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड शामिल होंगे। इसके साथ ही मिशेलिन टायर्स जैसे प्रीमियम ऑटोमोटिव पार्टनर्स भी आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।
इस वर्ष लक्स मोटर शो की मुख्य थीम ‘इलेक्ट्रिक एवं फ्यूचर मोबिलिटी’ रखी गई है। प्रदर्शित वाहनों में लगभग 50 प्रतिशत इलेक्ट्रिक वाहन होंगे, जो पर्यावरण संरक्षण, स्थिरता और अगली पीढ़ी की मोबिलिटी की दिशा को दर्शाते हैं।
दो दिवसीय लक्ज़री कार्निवल
यह आयोजन केवल कारों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि एक दो दिवसीय लक्ज़री कार्निवल होगा, जिसमें लक्ज़री कार डिस्प्ले, इमर्सिव टेस्ट ड्राइव, लाइव म्यूज़िक, क्यूरेटेड एंगेजमेंट ज़ोन्स, लाइफस्टाइल अनुभव और HNI–UHNI वर्ग के लिए प्रीमियम नेटवर्किंग का विशिष्ट माहौल तैयार किया जाएगा।
लक्स मोटर शो एडिशन-2 का उद्घाटन किशोर खन्ना, चेयरमैन, रोमसन्स ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़ द्वारा किया जाएगा। उद्घोषणा समारोह के दौरान होटल ग्रैंड मर्क्योर के महाप्रबंधक विवेक महाजन, अमित खत्री, शिवम चावला, रोहित डेंग और शिखा जैन सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।