आगरा में क्रिकेट का महाकुंभ: ‘पीपीएल 2025’ से युवा जोश को मिलेगा नया मंच

आगरा। शहर में जल्द ही क्रिकेट प्रेमियों का जोश अपने चरम पर होगा, जब प्राशा प्रीमियर लीग (पीपीएल) 2025 का बिगुल बजेगा। कमला नगर स्थित एक होटल में हुए भव्य पोस्टर विमोचन समारोह के साथ इस टूर्नामेंट की आधिकारिक घोषणा की गई। आयोजन की कमान संभाली है प्राशा इवेंट्स ने, जिसके तहत यह टूर्नामेंट युवा क्रिकेटरों को प्रोफेशनल मंच, राष्ट्रीय पहचान और लाइव प्रदर्शन का अवसर देने जा रहा है।

Aug 1, 2025 - 19:06
 0
आगरा में क्रिकेट का महाकुंभ: ‘पीपीएल 2025’ से युवा जोश को मिलेगा नया मंच
कमला नगर में आयोजित समारोह में पीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का पोस्टर विमोचन करते मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रोहित झलानी। साथ हैं रितु गर्ग, राज गुप्ता, डॉ. प्रियंका भारद्वाज, अमित खत्री, गौरव तिवारी, प्रवीण अग्रवाल, शशांक तिवारी, प्राप्ति माहेश्वरी।

पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रोहित झालानी रहे मुख्य अतिथि

इस अवसर पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर, कोच व सिलेक्टर रोहित झालानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और टूर्नामेंट को समर्थन देते हुए युवाओं से इस सुनहरे मौके का लाभ उठाने की अपील की।

अगस्त अंत में होगा टूर्नामेंट, पंजीकरण जारी

आयोजक प्राप्ति माहेश्वरी ने जानकारी दी कि पीपीएल 2025 का आयोजन अगस्त माह के अंत में होगा। 20 से अधिक टीमें इस T20 फॉर्मेट लीग में भाग लेंगी। इसमें टीम और एकल पंजीकरण दोनों की सुविधा है और सबसे खास बात—पूरा आयोजन निःशुल्क रहेगा।

समिति में शहर के कई सक्रिय सदस्य

आयोजक राज गुप्ता ने बताया कि इस टूर्नामेंट के पीछे उद्देश्य है कि आगरा के युवाओं को प्रोफेशनल स्तर का अनुभव मिले। आयोजन समिति में रामाकांत सागर (निदेशक, होल्ड द होप सोसायटी), ऋतु गर्ग, चेतन अग्रवाल, सचिन पचौरी, वीकेश, करन और यांशु शामी जैसे कई समर्पित सदस्य जुड़े हुए हैं।

लाइव ओटीटी प्रसारण भी होगा

गौरव तिवारी ने बताया कि यह टूर्नामेंट ओटीटी चैनल पर लाइव प्रसारित किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों का टैलेंट अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। डॉ. प्रियंका भारद्वाज और अमित खत्री ने जानकारी दी कि लीग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच दोगुना हो जाएगा।

समारोह में ये लोग रहे मौजूद

प्रवीण अग्रवाल, तरुण सिंह, सचिन 'शुभ' शर्मा, अभिषेक गुप्ता, शशांक तिवारी समेत शहर के कई गणमान्य अतिथि समारोह में मौजूद रहे और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

SP_Singh AURGURU Editor