आगरा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 55 होनहारों का सम्मान, पंजाबी विरासत परिवार ने प्रतिभाओं के सिर सजाया सफलता का ताज
आगरा। पंजाबी विरासत परिवार, आगरा द्वारा रविवार को होटल पूनम प्लाजा में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 55 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं विशेष उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में समाज के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपने परिवार, समाज तथा शिक्षण संस्थानों का नाम रोशन किया है। विशेष रूप से आगरा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति सतपाल सिंह बत्रा द्वारा अपने स्वर्गीय माता-पिता की पावन स्मृति में आकर्षक उपहार भेंट किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए पंजाबी विरासत परिवार के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देना समाज का दायित्व है।
पंजाबी विरासत के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गर्व का विषय हैं और ऐसे छात्र-छात्राएं भविष्य में देश और समाज का नाम रोशन करेंगे।
महामंत्री बंटी ग्रोवर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाबी विरासत परिवार समाज के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है और आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं वरिष्ठजनों ने पंजाबी विरासत परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से दमक उठे तथा पूरे आयोजन में उत्साह और गौरव का वातावरण बना रहा।
सतीश अरोरा एवं प्रभात कृष्ण अरोरा चैरिटेबल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. गिरधर शर्मा (महासचिव, अप्सा) एवं संत बाबा प्रीतम सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रानी सिंह, चरणजीत थापर, राजेन्द्र शर्मा, ओम सेठ, शीला बहल, वंदना कक्कड़, सन्नू बत्रा, सौभाग्य अरोरा, मोनिका सचदेवा, परमजीत सरना, समृद्धि अरोरा, अंजना आसिजा, रवि नारंग, गगन छाबड़ा, विकास मेहरा, हिमांशु सचदेवा, राजकुमार घई, सुनील बग्गा, राजेंद्र कत्याल सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं सदस्य उपस्थित रहे।