आगरा कॉलेज में स्थापित होगी महाराजा अग्रसेन शोधपीठ, भारतीय ज्ञान परम्परा को मिलेगा नया शैक्षिक आधार
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आगरा कॉलेज में महाराजा अग्रसेन शोधपीठ की स्थापना की घोषणा की। यह शोधपीठ भारतीय ज्ञान परम्परा और महाराजा अग्रसेन के दर्शन पर अध्ययन व शोध को बढ़ावा देगी। घोषणा पर अग्रवाल समाज में हर्ष का माहौल रहा और मंत्री का सम्मान किया गया।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की घोषणा, अग्रवाल समाज में हर्ष, अग्रसेन के दर्शन पर होगा शोध व अध्ययन
आगरा। भारतीय ज्ञान परम्परा ने न केवल देश बल्कि पूरे विश्व और आने वाली पीढ़ियों को जीवन का मार्ग दिखाया है। जीवन जीने की कला से लेकर प्रकृति, स्वास्थ्य, योग, शारीरिक विज्ञान, समुद्र की गहराइयों और अंतरिक्ष तक के ज्ञान को समाज के समक्ष रखने वाले महान विचारकों की परंपरा में महाराजा अग्रसेन का स्थान विशिष्ट है। यह विचार उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने व्यक्त किए।
वे महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज की बहुप्रतीक्षित मांग पर उत्तर भारत के ऐतिहासिक आगरा कॉलेज में महाराजा अग्रसेन शोधपीठ की स्थापना की घोषणा की।
सहयोग से प्रगति का दर्शन
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को आपसी सहयोग के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक उन्नति का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि
महाराजा अग्रसेन का चिंतन ‘सहयोग से प्रगति, सुधार से समृद्धि और समर्पण से सेवा’ की भावना को जागृत करता है। उनके विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं।
भारतीय ज्ञान परम्परा पर शोध को मिलेगा प्रोत्साहन
उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार भारतीय ज्ञान परम्परा के प्रवर्तकों के विचार, चिंतन और दर्शन पर गंभीर शोध और अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के विश्वविद्यालयों और बड़े महाविद्यालयों में शोधपीठों की स्थापना कर रही है। इन शोधपीठों के माध्यम से अध्ययन एवं शोध, व्याख्यान मालाएं, विशेषज्ञों के उद्बोधन, चिंतन और मनन के जरिए सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त किया जाएगा तथा भावी पीढ़ी को भारतीय विचारधारा से परिचित कराया जाएगा।
आगरा कॉलेज में जल्द होगी शोधपीठ की स्थापना
इसी क्रम में 100 वर्ष से अधिक प्राचीन आगरा कॉलेज, जिसमें 15 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, वहां महाराजा अग्रसेन शोधपीठ की स्थापना का निर्णय लिया गया है। इसकी मांग को लेकर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, गौरव बंसल, ओमस्वरूप गर्ग, अजय अवागढ़, दिनेश अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल और राकेश अग्रवाल द्वारा एक प्रतिवेदन सौंपा गया था।
इस पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश को आवश्यक निर्देश दे दिए हैं। शोधपीठ डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से सम्बद्ध रहेगी।
अग्रवाल समाज ने किया सम्मान
शोधपीठ की घोषणा पर श्री अग्रवाल संघ, आगरा ने हर्ष व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाजसेवी गौरव बंसल के नेतृत्व में अग्रवाल समाज के लोगों ने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
सम्मान समारोह में प्रमुख रूप से उपस्थिति
गौरव बंसल, ओमस्वरूप गर्ग, अजय अवागढ़, दिनेश अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, देवेंद्र गोयल, मनोज गर्ग, राजेश जिंदल, सुनील मित्तल, नंदन गर्ग, अनूप अग्रवाल, सुनील करमचंदानी सहित अग्रवाल समाज व भाजपा के बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।