राजस्थान के कोटा में बड़ा हादसा, रेस्टोरेंट की बिल्डिंग ढही, मलबे में दबे 10-15 लोग, रेस्क्यू जारी

कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में ओपेरा हॉस्पिटल रोड पर स्थित दिल्ली स्पाइस  मुरादाबादी नाम से नॉनवेज रेस्टोरेंट की बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई।

Feb 7, 2026 - 22:46
 0
राजस्थान के कोटा में बड़ा हादसा, रेस्टोरेंट की बिल्डिंग ढही, मलबे में दबे 10-15 लोग, रेस्क्यू जारी

कोटा। राजस्थान के कोटा में शनिवार 7 फरवरी 2026 को बड़ा हादसा हुआ। कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में ओपेरा हॉस्पिटल रोड पर स्थित दिल्ली स्पाइस मुरादाबादी नाम से नॉनवेज रेस्टोरेंट की बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
 
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मलबे में 10 से 15 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।  घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जाप्ता, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और मलबा हटाकर लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला कलेक्टर ने बताया कि अब तक मलबे से पांच लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया है। बाद में राहत कार्य तेज होने के साथ यह संख्या बढ़कर 10 घायलों तक पहुंच गई, जिन्हें उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों की स्थिति को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की जानकारी ली। वहीं राजस्थान सरकार में शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर भी मौके पर पहुंचे और बाद में अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना।

मंत्री दिलावर के कार्यालय की ओर से हादसे में दो बच्चों की मौत का दावा किया गया है लेकिन प्रशासन ने अभी तक किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में अभी और लोगों के दबे होने की आशंका है और पूरी स्थिति रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

हालांकि, कोटा बिल्डिंग हादसे में प्रशासन ने अभी तक किसी भी मौत की पुष्टि नहीं की है। अब तक 10 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है। साथ ही कई अन्य लोग भी दबे हो सकते हैं। दो जेसीबी मशीनों के जरिए मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली भी काट दी गई है। सभी घायलों को इलाज के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जा रहा है।