ग्रीन गैस पर बड़ा ऐलान: 15 दिन में मिलेगा कनेक्शन, तीन माह में 25 हजार नए उपभोक्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य- चैम्बर की बैठक में दी गई जानकारी
आगरा। शहर में गैस किल्लत के बीच ग्रीन गैस कनेक्शन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। चैम्बर सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में ग्रीन गैस के अधिकारियों ने साफ किया कि जहां पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां मात्र 15 दिन के भीतर गैस कनेक्शन शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही अगले 3 माह में 25 हजार नए कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया गया है।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का संचालन पूर्व अध्यक्ष एवं नागरिक सुविधा, रोडवेज एवं ग्रीन गैस प्रकोष्ठ के चेयरमैन सीताराम अग्रवाल द्वारा किया गया। बैठक में ग्रीन गैस के डीजीएम समित पांडे, एजीएम मार्केटिंग सूर्य प्रकाश गुप्ता, सीएम (पी.ओ एंड एम) विजय कुमार सिंह एवं सीएम मार्केटिंग किशन सिंह मौजूद रहे।
बैठक में चैम्बर प्रतिनिधियों ने शहर में चल रही गैस की कमी की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर डीजीएम समित पांडे ने आश्वस्त किया कि सरकार की मंशा अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को ग्रीन गैस से जोड़ने की है और इसके लिए नियमों का सरलीकरण तथा नई नीतियां लागू की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जहां पहले से गैस पाइपलाइन बिछी हुई है, वहां आवेदन के बाद निरीक्षण कर 15-20 दिनों के भीतर कनेक्शन चालू कर दिया जाता है। साथ ही नुनिहाई और फाउंड्री नगर क्षेत्रों में कॉमर्शियल कनेक्शन की मांग आने पर तुरंत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
समित पांडे ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि अब तक आगरा में 2700 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और 76,000 घरों में ग्रीन गैस का उपयोग हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में गैस कनेक्शन की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, सदस्य सचिन सारस्वत, मयंक मित्तल, राजकुमार भगत, शम्भू कुमार अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, राहुल अरोरा, संजय सत्येन्द्र, विनित अग्रवाल, केशव सिंघल, राजेश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्पष्ट किया गया कि ग्रीन गैस का विस्तार न केवल सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी बड़ा कदम साबित होगा।