पीएनबी पेंशनर्स का बड़ा सम्मेलन, पेंशन अपडेशन में देरी पर जताई नाराजगी, आईबीए बीमा प्रीमियम बैंक से वहन कराने की उठी मांग

ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन के वार्षिक सम्मेलन में पेंशन अपडेशन में हो रही देरी पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। सम्मेलन में उपस्थित सदस्यों ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) की समूह बीमा योजना का प्रीमियम संबंधित बैंक द्वारा वहन किए जाने की मांग भी उठाई। बैठक में पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान के लिए किए गए प्रयासों की भी समीक्षा की गई।

Aug 1, 2026 - 19:45
 0
पीएनबी पेंशनर्स का बड़ा सम्मेलन, पेंशन अपडेशन में देरी पर जताई नाराजगी, आईबीए बीमा प्रीमियम बैंक से वहन कराने की उठी मांग
ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन के आगरा में हुए वार्षिक सम्मेलन में मंचस्थ आरपी शर्मा, एके सेठी, सोमनाथ मल्होत्रा, आरके गुप्ता तथा राजीव जैन आदि।

आगरा। ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन का वार्षिक सम्मेलन वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अतिथिवन होटल में आयोजित किया गया। सम्मेलन में आगरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 से अधिक पेंशनर्स एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लेकर संगठन की गतिविधियों, वित्तीय स्थिति तथा पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आर. पी. शर्मा ने की। मंच पर उनके साथ ए. के. सेठी, सोमनाथ मल्होत्रा, आर. के. गुप्ता तथा राजीव जैन मौजूद रहे।

सम्मेलन का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संगठन के कोषाध्यक्ष अचल गुप्ता ने वर्षभर का वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया, जबकि महामंत्री पी. एन. त्यागी ने संगठन की वार्षिक रिपोर्ट सदन के समक्ष रखी।

महामंत्री पी. एन. त्यागी ने अपने प्रतिवेदन में पंजाब नेशनल बैंक के पेंशनर्स एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं का उल्लेख करते हुए बताया कि संगठन ने इन मुद्दों के समाधान के लिए बैंक स्तर पर लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने विभिन्न मामलों में अब तक हुई कार्रवाई की भी जानकारी सदस्यों को दी।

सम्मेलन में उपस्थित सदस्यों ने पेंशन अपडेशन का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित यह विषय शीघ्र हल किया जाना चाहिए। सदस्यों ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से प्रभावी पहल करने की मांग की।

इसके अलावा सदस्यों ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) की समूह बीमा पॉलिसी का प्रीमियम संबंधित बैंक द्वारा वहन किए जाने की मांग भी जोरदार ढंग से उठाई। उनका कहना था कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों को देखते हुए इस सुविधा का लाभ बैंक की ओर से उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

सम्मेलन के दौरान संगठन की भावी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा पेंशनर्स के हितों से जुड़े मुद्दों को संगठित रूप से उठाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

अंत में अध्यक्ष आर. पी. शर्मा ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor