अटल जी के पैतृक गांव बटेश्वर को बड़ी सौगात, सांसद चाहर के प्रयासों से रेलवे होल्ट बनेगा पूर्ण स्टेशन, केंद्र से मिली मंजूरी
आगरा। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर के लिए केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए रेलवे होल्ट के स्थान पर पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर को पत्र के माध्यम से दी।
आगरा। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर के लिए केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए रेलवे होल्ट के स्थान पर पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर को पत्र के माध्यम से दी।
यह महत्वपूर्ण उपलब्धि सांसद राजकुमार चाहर के सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में बटेश्वर को पूर्ण रेलवे स्टेशन का दर्जा देने का मुद्दा प्रभावी ढंग से उठाया था। सांसद चाहर ने सदन में स्पष्ट किया था कि बटेश्वर न केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यहां ब्रह्मलाल जी महाराज का मंदिर, 108 प्राचीन मंदिरों की श्रृंखला, यमुना नदी का पावन तट और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का पैतृक निवास स्थित है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं।
सांसद चाहर ने केंद्र सरकार से मांग की थी कि बटेश्वर रेलवे होल्ट को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य रेलवे स्टेशन में परिवर्तित किया जाए और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें। इसी क्रम में उन्होंने 30 जुलाई 2025 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इस संबंध में औपचारिक पत्र भी सौंपा था।
रेल मंत्री ने अपने पत्र में अवगत कराया कि सांसद की मांग को स्वीकार करते हुए बटेश्वर रेलवे होल्ट के स्थान पर पूर्ण रेलवे स्टेशन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस निर्णय से बटेश्वर क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी। प्रस्तावित स्टेशन पर यात्रियों के लिए सभी आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध होंगी, एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होगा और भविष्य में नई रेल सेवाओं के संचालन की भी संभावना बनेगी।
सांसद राजकुमार चाहर ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, विशेषकर उनके जन्म शताब्दी वर्ष में की गई यह घोषणा अत्यंत भावनात्मक और गौरवपूर्ण है। सांसद ने कहा कि इस परियोजना से बटेश्वर सहित बाह क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा आगरा जिले के पर्यटन मानचित्र पर बटेश्वर और अधिक मजबूती से उभरेगा।
सांसद चाहर ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बटेश्वर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और आने वाले वर्षों में यह स्थान धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में और अधिक विकसित होगा।