नलों में गंदा पानी रोकने को बड़ी पहल, अवैध कनेक्शनों पर चलेगा अभियान
आगरा। शहरवासियों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम का जलकल विभाग सक्रिय हो गया है। महापौर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के स्पष्ट निर्देश पर नलों में गंदा पानी आने की समस्या को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध शीघ्र ही विशेष अभियान चलाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
पेयजल की गुणवत्ता और सुरक्षा पर फोकस
आगरा। शहरवासियों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम का जलकल विभाग सक्रिय हो गया है। महापौर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के स्पष्ट निर्देश पर नलों में गंदा पानी आने की समस्या को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध शीघ्र ही विशेष अभियान चलाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
लोहामंडी जोन के पार्षदों संग जलकल विभाग की अहम बैठक
शुक्रवार को नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रबंधक एके राजपूत ने लोहामंडी जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों के पार्षदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का उद्देश्य पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्याओं, विशेष रूप से नलों में गंदा पानी आने की शिकायतों के स्थायी समाधान पर चर्चा करना रहा।
लीकेज और अवैध कनेक्शन बनते हैं गंदे पानी की वजह
महाप्रबंधक एके राजपूत ने बताया कि महानगर में जलकल विभाग द्वारा पेयजल की आपूर्ति पूरी निगरानी और गुणवत्ता मानकों के तहत की जाती है। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों से कभी-कभी नलों में गंदा पानी आने की शिकायतें मिलती हैं। जांच में यह सामने आता है कि अधिकांश मामलों में पानी की सप्लाई लाइन में लीकेज या अवैध कनेक्शन इसके लिए जिम्मेदार होते हैं। शिकायत मिलते ही संबंधित क्षेत्र में तत्काल मरम्मत कर समस्या का समाधान कराया जाता है।
पार्षदों ने रखे ठोस सुझाव
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की पेयजल आपूर्ति नेटवर्क से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं और समाधान के लिए सुझाव दिए। पार्षदों ने कहा कि कई इलाकों में पुरानी और जर्जर पाइप लाइनों के कारण बार-बार लीकेज होता है, जिससे गंदा पानी नलों में पहुंच जाता है। उन्होंने मांग की कि ऐसी पाइप लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए।
अवैध कनेक्शनों पर चलेगा विशेष अभियान
पार्षदों ने यह भी सुझाव दिया कि गंदे पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाए। इस पर महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि विभाग जल्द ही अवैध कनेक्शनों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करेगा।
हर हाल में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने का भरोसा
महाप्रबंधक ए.के. राजपूत ने कहा कि जलकल विभाग का लक्ष्य शहरवासियों को हर हाल में गुणवत्तापरक, स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए तकनीकी सुधार, पाइपलाइन मरम्मत, निगरानी और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लागू किया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में पार्षद रहे मौजूद
बैठक में प्रमुख रूप से पार्षद हेमंत प्रजापति, कप्तान सिंह, पूजा वाल्मीकि, प्रवीणा राजावत, प्रीति भारती, राधारानी, निधि सिंह, मिथलेश, मोहम्मद आसिफ खान, रेखा भास्कर, बंटी माहौर, पूजा गुडडू मिलन, इंद्रपाल सिंह, बद्री प्रसाद, रवि कुमार, गजेंद्र सिंह, रेनू गुप्ता, मीनाक्षी, वीरेंद्र, श्रीराम, अमित, मंजू प्रजापति सहित अनेक पार्षद उपस्थित रहे।