शाहजहांपुर में धान खरीद का बड़ा घोटाला: दो लेखपाल निलंबित, बिचौलियों पर मुकदमा दर्ज

शाहजहांपुर जिले में धान खरीद व्यवस्था में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। पुवायां और तिलहर तहसीलों में कई किसानों द्वारा धान की फसल न बोए जाने के बावजूद लेखपालों ने फर्जी सत्यापन कर दिया, जिससे बिचौलियों ने बाजार से धान खरीदकर सरकारी केंद्रों पर भेज दिया। शिकायत की पुष्टि होने पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र ने दो लेखपालों को निलंबित कर फर्जी सत्यापन कराने वाले बिचौलियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

Dec 10, 2025 - 14:29
 0
शाहजहांपुर में धान खरीद का बड़ा घोटाला: दो लेखपाल निलंबित, बिचौलियों पर मुकदमा दर्ज

-राजीव शर्मा-

शाहजहांपुर। धान खरीद सीजन में जहां किसान अपनी उपज को सरकारी केंद्रों पर बेचने के लिए जूझ रहे हैं, वहीं शाहजहांपुर में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। पुवायां और तिलहर तहसीलों में कुछ व्यक्तियों ने बिना फसल बोए ही धान का सत्यापन करा लिया और फिर बाजार से धान खरीदकर धान क्रय केंद्रों पर भेज दिया।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि उन्हें शिकायतें मिली थीं कि कुछ किसानों ने जमीन पर धान की फसल बोई ही नहीं थी, लेकिन लेखपालों ने बिना सत्यापन के उनके नाम से धान की फसल दिखाकर क्रय केंद्रों में धान पहुंचवा दिया।

उन्होंने बताया कि तिलहर में जिसे धान का सत्यापन दिया गया, उसके नाम पर जमीन ही नहीं है। वहीं, पुवायां में जिस खेत में गन्ना बोया गया था, वहां धान दिखाकर सत्यापन कर दिया गया।

जांच में फर्जीवाड़ा पुष्टि होने पर पुवायां के लेखपाल आशीष कुमार और तिलहर के लेखपाल अंशु बाजपेई को निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही फर्जी सत्यापन कराने वाले बिचौलियों के खिलाफ संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि अब धान क्रय केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक केंद्र का प्रतिदिन औचक निरीक्षण करें। शाम को केंद्र पर अपनी उपस्थिति की फोटो/रिपोर्ट व्हाट्सएप के माध्यम से भेजें। सत्यापन में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor