बरेली के भीषण सड़क हादसे में बड़ा खुलासा: घायल हुए दो मासूम बच्चों को गुरुग्राम से अपह्रत कर लाया गया था

-आरके सिंह- बरेली। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर विगत दिवस हुए भीषण सड़क हादसे ने अब सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। जिस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत और तीन लोग घायल हुए थे, उसी में घायल मिले दो मासूम बच्चों के अपहरण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बच्चों को हरियाणा के गुरुग्राम से अगवा कर बरेली लाया गया था।

Apr 6, 2026 - 22:04
 0
बरेली के भीषण सड़क हादसे में बड़ा खुलासा: घायल हुए दो मासूम बच्चों को गुरुग्राम से अपह्रत कर लाया गया था
सड़क हादसे में घायल वे दोनों बच्चे, जिन्हें गुरुग्राम से अपह्रत किया गया था।

रविवार दोपहर थाना सीबीगंज क्षेत्र के बड़े बाईपास पर तेज रफ्तार बोलेरो एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बाइक को टक्कर मारकर सड़क किनारे खड़े टैंकर में जा घुसी थी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें दो बाइक सवार भी शामिल थे। वहीं बोलेरो चालक समेत तीन लोग घायल हुए, जिनमें दो मासूम बच्चे भी थे।

नगर पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक ने सोमवार को पुलिस लाइंस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि हादसे के बाद जब बोलेरो चालक प्रिंस से घायल बच्चों और मृतकों के संबंध में पूछताछ की गई तो उसके जवाब संदिग्ध लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रिंस ने बताया कि मृतक मनमोहन सिंह और उसका साथी मनोज हरियाणा के गुरुग्राम में रहते थे। मनमोहन, मनोज की नाबालिग दत्तक पुत्री (भांजी) से शादी करना चाहता था, जिसका मनोज विरोध कर रहा था। इसी रंजिश में मनमोहन और उसके साथियों ने मनोज और उसके दो बच्चों का गुरुग्राम से अपहरण कर लिया था।

इस संबंध में मनोज की पत्नी पूजा ने गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी अपहृत बच्चों को वापस लौटाने जा रहे थे कि रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस ने आरोपी प्रिंस की निशानदेही पर मृतक मनमोहन के पिता नत्थूलाल के घर से अपहृत मनोज को बरामद कर लिया है। पूरे मामले की सूचना हरियाणा पुलिस को दे दी गई है, जो आगे की जांच के लिए रवाना हो चुकी है।

इस सनसनीखेज खुलासे के बाद जहां एक ओर सड़क हादसे की त्रासदी है, वहीं दूसरी ओर अपहरण की गंभीर वारदात ने पूरे मामले को और भी चौंकाने वाला बना दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor