महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, रायगड में समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत, पिकनिक पर गए थे सभी
मुंबई। महाराष्ट्र के रायगड जिले में गुरुवार (1 अक्टूबर) को बड़ा हादसा हो गया। पिकनिक पर गए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। ये हादसा दिवेआगर समुद्र तट हुआ। जानकारी के मुताबिक, पुणे जिले के आलंदी से एक निजी क्लास की पिकनिक दिवेआगर आई थी। समुद्र के पानी की गहराई और लहरों का अंदाजा नहीं होने के कारण यह दर्दनाक हादसा होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है।
दिवेआगर रायगड के श्रीवर्धन तालुका का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है. हादसे की जानकारी मिलते ही तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने भी बचाव कार्य में मदद की। कड़ी मशक्कत के बाद समुद्र से सभी आठ लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए।
सभी शवों को आगे की कार्रवाई के लिए बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है, जहां आवश्यक औपचारिकताएं और आगे की कार्रवाई जारी है। यह पिकनिक पुणे के आलंदी से दिवेआगर आई थी। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। दर्दनाक घटना से इलाके में शोक और हड़कंप का माहौल है।