रुनकता को नगर पंचायत बनाओ: ब्राह्मण महासभा का बिगुल, उदयभान सिंह बोले—जनप्रतिनिधि ठान लें तो हर काम संभव

आगरा। रुनकता को नगर पंचायत घोषित करने की वर्षों पुरानी मांग अब जोर पकड़ती नजर आ रही है। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा पंजीकृत के तत्वावधान में विजय नगर कॉलोनी स्थित आगरा पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने साफ कहा कि यदि जनप्रतिनिधि ठान लें तो कोई भी कार्य असंभव नहीं है। वहीं महासभा ने इस मांग को लेकर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाने का ऐलान किया है।

Mar 23, 2026 - 18:15
 0
रुनकता को नगर पंचायत बनाओ: ब्राह्मण महासभा का बिगुल, उदयभान सिंह बोले—जनप्रतिनिधि ठान लें तो हर काम संभव
रुनकता को नगर पंचायत बनाने के मुद्दे पर आयोजित प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह। साथ हैं डॊ. मधु भारद्वाज, अनिल शर्मा एवं महेश शर्मा आदि।

कमिश्नर से मुलाकात कर आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

प्रेस वार्ता में चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि उनके कार्यकाल में प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन का समय आ गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही महासभा के पदाधिकारियों के साथ आगरा मंडलायुक्त से मुलाकात कर अब तक की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी।

रुनकता: आस्था, इतिहास और पहचान का केंद्र

चौधरी उदयभान सिंह ने रुनकता को ब्रज का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल बताते हुए कहा कि यह स्थान महर्षि परशुराम की तपोभूमि (रेणुका धाम), भक्त शिरोमणि सूरदास की साधना स्थली और महर्षि वेदव्यास से जुड़ी पौराणिक विरासत को समेटे हुए है। उन्होंने कहा कि रुनकता उनके हृदय के बेहद करीब है और इसके विकास के लिए उनका पूर्ण समर्थन रहेगा।

महासभा की अध्यक्ष डॉ मधु भारद्वाज ने घोषणा की कि ब्राह्मण समाज और आगरा के नागरिकों के सहयोग से एक बड़ा हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिससे शासन का ध्यान इस मांग की ओर आकर्षित किया जा सके।

बढ़ती आबादी और शहरीकरण बना बड़ा मुद्दा

प्रेस वार्ता में बताया गया कि रुनकता की आबादी 20 हजार से अधिक हो चुकी है, जिसे ग्राम पंचायत के सीमित संसाधनों से संभालना मुश्किल हो रहा है। आगरा मेट्रो के सिकंदरा तक विस्तार के बाद यहां आवागमन और बढ़ेगा, जिससे शहरी सुविधाओं की आवश्यकता और अधिक महसूस होगी।

पर्यटन और विकास के लिए जरूरी नगर पंचायत का दर्जा

महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि गऊघाट और रेणुका धाम जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थलों का विकास तभी संभव है जब रुनकता को नगर पंचायत का दर्जा मिले। वर्तमान में ग्राम सभा के ढांचे में यह संभव नहीं है।

प्रेस वार्ता में डॉ महेश शर्मा, के एन अग्निहोत्री, अनिल शर्मा और असलम सलीमी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor