सेवा भारती के तीजोत्सव में छाई मल्हार की बहार, तीज क्वीन बनीं निक्की निगम
आगरा। सेवा भारती ब्रज प्रांत, छावनी महानगर की ओर से आयोजित हरियाली तीज उत्सव उल्लास और उमंग से सराबोर रहा। पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर पहुंचीं महिलाओं ने मल्हार की धुनों पर जमकर ठुमके लगाए और तीज के गीतों से माहौल को हरा-भरा बना दिया।
-सांस्कृतिक आयोजन में राखी-मेहंदी प्रशिक्षण में दिखी प्रतिभाओं की चमक
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. नीरजा पाठक द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस मौके पर महिलाओं के बीच तीज से जुड़ी प्रश्नोत्तरी और तीज क्वीन प्रतियोगिता ने उत्सव में खास रंग भर दिया। निक्की निगम को उनके संपूर्ण श्रंगार और उत्तरों के आधार पर तीज क्वीन घोषित किया गया। मालती द्वितीय और सुनीता शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं।
तीज उत्सव के साथ ही 23 से 25 जुलाई तक तीन दिवसीय मेहंदी एवं राखी प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। जिसमें 100 से अधिक युवक-युवतियों और महिलाओं ने भाग लिया।
आज आयोजित फाइनल राउंड में राखी प्रतियोगिता में अतुल, धानी और योगेश विजेता बने, जबकि मेहंदी प्रतियोगिता में चाहत, तुलसी और चंचल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र व उपहार देकर डॉ. पी.के. मिश्रा, संजय सिंघल, ऋषि गुप्ता, महेश त्यागी, डॉ. मंजू सिंघल सहित अन्य पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन पूनम वर्मा ने किया।