फर्जी कागजात तैयार कर महिला का प्लॊट दिया, मलपुरा पुलिस ने तीनों आरोपी गिरफ्तार किए
आगरा जिले के मलपुरा थाना क्षेत्र में एक महिला की जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आगरा। मलपुरा थाना पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी और मारपीट के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में पंचम सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी धनौली, थाना मलपुरा, भूपेंद्र पुत्र बच्चू निवासी ग्राम भसौन, थाना खेरागढ़ तथा रामचरन पुत्र रामदयाल निवासी नगला लेखराज, थाना मलपुरा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों अभियुक्तों ने धनौली गांव की एक महिला के प्लॉट का फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे किसी अन्य व्यक्ति के नाम बैनामा कर दिया। जब महिला को इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई और उसने आरोपियों का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने मजबूर होकर मलपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को केडीएस डिग्री कॉलेज के पास सड़क से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।