आगरा में निजी हॉस्पिटल के डॉक्टर व स्टाफ पर नशे की हालत में हमला करने का आरोप

आगरा। ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र के कालिंदी विहार स्थित एक निजी हॉस्पिटल के डॉक्टर और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित नरोत्तम सिंह का कहना है कि रात करीब 12 बजे वे अपनी गाड़ी में डीजे का साउंड चेक कर रहे थे, तभी अस्पताल स्टाफ ने नशे की हालत में उन्हें धमकाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

Oct 3, 2025 - 15:41
 0
आगरा में निजी हॉस्पिटल के डॉक्टर व स्टाफ पर नशे की हालत में हमला करने का आरोप
मारपीट में घायल युवक

आगरा। ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र के कालिंदी विहार स्थित एक निजी हॉस्पिटल के डॉक्टर और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित नरोत्तम सिंह का कहना है कि रात करीब 12 बजे वे अपनी गाड़ी में डीजे का साउंड चेक कर रहे थे, तभी अस्पताल स्टाफ ने नशे की हालत में उन्हें धमकाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर के नेतृत्व में करीब 25–30 लोग वहां पहुंचे और नरोत्तम सिंह व उनके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में तीन कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की, सामान लूटे और उनकी पत्नी व बच्चियों के सामने मारपीट कर डराने-धमकाने का काम किया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं चीखती-चिल्लाती और मारपीट रोकने की कोशिश करती दिख रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी डॉक्टर और स्टाफ किसी की बात सुनने के बजाय सिर्फ हिंसा करने पर उतारू थे।

पीड़ित पक्ष ने घटना की तहरीर ट्रांसयमुना थाने में दी है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। नरोत्तम सिंह का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ दबाव डालकर उनसे जबरन राजीनामा लिखवाने की कोशिश कर रहा है। वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।