आगरा के पालीवाल पार्क में महिला शिक्षक के गले से चेन झपटकर बाइक सवार साथी संग फरार

  आगरा। शहर के बीचोंबीच पालीवाल पार्क में आज सुबह एक महिला शिक्षक के गले से चेन तोड़ ली गई। इस घटना ने पार्क में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता रेशमा यादव, केके नगर निवासी और मुफीद-ए-आम इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक है।

Oct 24, 2025 - 19:03
 0
आगरा के पालीवाल पार्क में महिला शिक्षक के गले से चेन झपटकर बाइक सवार साथी संग फरार

सुबह आठ बजे रेशमा यादव अपनी साथी शिक्षिका के साथ संजय प्लेस से कॉलेज के लिए पैदल-पैदल जा रही थीं। पालीवाल पार्क में जैसे ही दोनों शिक्षिकाएं जॉन्स पुस्तकालय के पास पहुंचीं, पीछे से आए एक युवक ने रेशमा यादव के गले से चेन झपट ली और भागने लगा।

पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तभी पीछे से एक और युवक बाइक लेकर आया। दोनों आरोपी पलभर में बाइक पर सवार होकर घटनास्थल से फरार हो गए।

पीड़िता ने तुरंत पालीवाल पार्क पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। थाना हरीपर्वत पुलिस ने बताया कि फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की जा रही है।

घटना के बाद शहर के सभी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस अलर्ट जारी कर दिया गया था, लेकिन चेन लुटेरे पकड़ में नहीं आए। पुलिस टीम अब संदिग्धों की तलाश में सक्रिय है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोग नाराज हैं। उनका कहना है कि सुबह-सुबह पार्क रोड पर पर्याप्त पुलिस गश्त न होने के कारण अपराधी बेखौफ हो गए हैं। लोगों की मांग है कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को और मजबूत किया जाए।

SP_Singh AURGURU Editor