आगरा में ‘क्लियर प्लॉट’ बताकर 70 लाख की ठगी, गिरवी जमीन पहले ही हो चुकी थी नीलाम
आगरा। ताजनगरी में जमीन के नाम पर की गई ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रियल एस्टेट सौदों में भरोसे पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। कमला नगर निवासी कन्हैया लाल अग्रवाल और उसके परिवार पर करोड़ों के प्लॉट का झांसा देकर 70 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ितों ने पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत देकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

पीड़ित पूजा गर्ग, यश अग्रवाल और अभिनव अग्रवाल के मुताबिक, कन्हैया लाल अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, अंजू अग्रवाल समेत कुल पांच लोगों ने सेवला जाट क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या 38A/464 से 470 (करीब 1427 वर्गगज) को पूरी तरह “क्लियर” बताते हुए 1.54 करोड़ रुपये में सौदा तय किया। आरोपियों ने प्लॉट के दस्तावेजों की फोटोकॉपी दिखाकर दावा किया कि जमीन पर न तो कोई कर्ज है, न गिरवी, न ही किसी तरह का कानूनी विवाद।
आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ितों ने 65 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और चेक के माध्यम से उनके खातों में भेज दिए। सौदे को औपचारिक रूप देने के लिए इकरारनामा भी कराया गया, जिस पर अंजू अग्रवाल ने गवाह के तौर पर हस्ताक्षर किए। लेकिन कुछ समय बाद जब पीड़ितों ने जमीन की स्थिति की दोबारा जांच की, तो बड़ा खुलासा हुआ। पता चला कि जिस प्लॉट को “क्लियर” बताया गया था, वह तो पहले से ही यस बैंक, संजय प्लेस में ऋण के बदले गिरवी रखा गया था। इतना ही नहीं, बैंक ने 5 अगस्त 2025 को उस प्लॉट की नीलामी कर दी थी और 26 अगस्त 2025 को नई पार्टी के नाम उसकी रजिस्ट्री भी हो चुकी थी। यानी जिस जमीन का सौदा किया गया, वह आरोपियों के स्वामित्व और कब्जे में थी ही नहीं।
जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोप है कि उन्हें धमकाया गया और अभद्र व्यवहार किया गया। आखिरकार पीड़ितों की लिखित तहरीर पर थाना कमला नगर में सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दस्तावेजों व बैंक रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की जा रही है।