मंगलमय फार्म हाउस बना ‘वरिष्ठ जन मिलन मंदिर’, विजय कौशल महाराज ने किया नामकरण और उद्घाटन
आगरा। शहर के शोर-शराबे और प्रदूषण से दूर एत्माद्पुर क्षेत्र के मुड़ी चौराहा स्थित द ग्रीन वैली एम्पायर में एक अनूठी आध्यात्मिक पहल सामने आई, जहां मंगलमय परिवार के फार्म हाउस को विजय कौशल महाराज ने ‘वरिष्ठ जन मिलन मंदिर’ का नाम देते हुए उसका उद्घाटन भी किया। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठजनों के लिए शांत, धार्मिक और सुकून भरा वातावरण उपलब्ध कराना है।
फीता काटकर उद्घाटन, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत
संतश्री विजय कौशल महाराज का स्वागत ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ किया गया। उन्होंने फीता काटकर फार्म हाउस का उद्घाटन किया और इसे समाज के लिए एक अत्यंत आवश्यक पहल बताया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में जहां नई पीढ़ी अपने ढंग से जीवन जीना चाहती है, वहीं पुरानी पीढ़ी के लिए भी एक शांत और धार्मिक वातावरण की आवश्यकता है।
हर वर्ष होंगी 8-10 कथाएं, पहला आयोजन कथा का
महाराज ने घोषणा की कि इस स्थल पर पहला आयोजन कथा के रूप में होगा और हर वर्ष 8 से 10 धार्मिक कथाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए इसे आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र बनाने का आह्वान किया।
धार्मिक आयोजन और सामाजिक सेवा का केंद्र बनेगा परिसर
आयोजकों रोहित जैन, राकेश अग्रवाल, संजय गुप्ता और जितेन्द्र यादव ने बताया कि यह फार्म हाउस विशेष रूप से धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए विकसित किया गया है। यहां गरीब कन्याओं के विवाह, कथा आयोजन और अन्य सेवा कार्य नियमित रूप से किए जाएंगे।
थिएटर से लेकर आश्रम तक हर सुविधा होगी उपलब्ध
महाराज के सुझाव पर परिसर में एक थिएटर भी बनाया जाएगा, जहां धार्मिक फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके अलावा संतश्री विजय कौशल महाराज के लिए आश्रम भी तैयार किया जाएगा।
परिसर में 150 गज के विला, दो बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, लेट-बाथ, डायनिंग एरिया और खुला हरित क्षेत्र उपलब्ध होगा। साथ ही पार्क, स्विमिंग पूल और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था भी रहेगी।
‘मंदिर जैसी शांति’, शराब और नशे पर पूर्ण प्रतिबंध
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस परिसर में मसाला, शराब या किसी भी प्रकार का नशा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह स्थान पूरी तरह मंदिर जैसी शांति और पवित्रता का अनुभव कराएगा।
भारी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में रचित जैन, राहुल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, निखिल गर्ग, प्रशांत मित्तल, घनश्यामदास अग्रवाल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, महावीर मंगल, सरजू बंसल, रेखा अग्रवाल, वंदना, अंजना, रितु, मधु शर्मा, निकिता, नीलू, सुनीता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।