हजारों बच्चों की जिंदगी बदलने के लिए आगरा के ‘एक पहल’ के संस्थापक मनीष राय को सिंगापुर में मिला अंतर्राष्ट्रीय सम्मान
सामाजिक परिवर्तन की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए आगरा की एक पहल बी.आर. मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक मनीष राय को सिंगापुर में आयोजित 'काइंडनेस एंड लीडरशिप- 50 लीडिंग लाइट्स एशिया पैसिफिक 2025' सम्मान से नवाज़ा गया। हज़ारों बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की उनकी अनवरत कोशिशों ने आगरा ही नहीं, भारत का नाम वैश्विक मंच पर रोशन कर दिया।
यह समारोह सिंगापुर स्थित ब्रिटिश हाई कमिश्नर के आधिकारिक निवास ईडन हॉल में आयोजित किया गया। सम्मान समारोह की अध्यक्षता ब्रिटिश हाई कमिश्नर निक मेहता और वूमेन ऑफ द फ्यूचर प्रोग्राम की संस्थापक पिंकी लिलानी ने की। आयोजकों ने बताया कि एशिया प्रशांत क्षेत्र के विभिन्न देशों से केवल 50 ऐसे व्यक्तियों को चुना जाता है जिन्होंने समाज में सार्थक और स्थायी परिवर्तन लाने हेतु अप्रतिम कार्य किए हों। भारत से मनीष राय का चयन एक पहल पाठशाला के माध्यम से हज़ारों वंचित बच्चों की शिक्षा को नई रोशनी देने के लिए किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मनीष राय ने भावुक होकर कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन सभी बच्चों, महिलाओं, स्वयंसेवकों और समर्थकों की है जिन्होंने एक पहल को मज़बूत बनाया। 2009 में एक छोटे से कमरे में सिर्फ एक कक्षा से शुरू हुई यह यात्रा आज शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, प्रौढ़ शिक्षा, कौशल विकास और मासिक धर्म स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में बड़े अभियानों तक फैल चुकी है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत के जमीनी स्तर पर काम कर रहे सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है और आने वाले समय में एक पहल और अधिक बच्चों व परिवारों तक परिवर्तन की रोशनी पहुँचाने का काम करेगी।
मनीष राय ने न केवल शहर का नाम रोशन किया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सेवा-भावना और करुणा-आधारित नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।