मन की बात: जन-जन की बातः सांसद नवीन जैन ने कार्यकर्ताओं संग सुना प्रधानमंत्री का प्रेरक संबोधन
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण का सामूहिक श्रवण रविवार को भाजपा कैलाश मंडल के बूथ संख्या 7, सिकंदरा केके नगर स्थित कृष्णा कोचिंग सेंटर पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने मंडल के समस्त कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का प्रेरणादायी संदेश ध्यानपूर्वक सुना और उपस्थित कार्यकर्ताओं को संदेश की व्याख्या की।
सांसद नवीन जैन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विचार सदैव प्रेरणादायी और मार्गदर्शक रहे हैं। ‘मन की बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि यह देशवासियों के मन को जोड़ने और जन-जन में नई चेतना जगाने का अद्वितीय अभियान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जिस सरलता से आम जन की प्रेरक कहानियों को साझा करते हैं, वह हर भारतीय को राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी साकार होगा जब हम सभी ‘वोकल फ़ॉर लोकल’ को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे। इससे भारत वैश्विक मंच पर सशक्त नेतृत्व निभाएगा।
सांसद ने बताया कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में एकता, स्थिरता और सांस्कृतिक गौरव पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के बढ़ते चलन, त्योहारों के दौरान उनकी खरीद और स्वच्छता व स्थिरता बढ़ाने वाली पहलों जैसे 'गारबेज कैफे' और जल निकायों के कायाकल्प की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
प्रधानमंत्री ने भारतीय नस्ल के कुत्तों को अपनाने की अपील की और राष्ट्रीय सुरक्षा में उनके महत्व पर चर्चा की। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और वृक्षारोपण के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश शर्मा पिंटू, मंडल महामंत्री सौरभ चौधरी, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, महिपाल सिंह, भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष प्रिंस जैसवाल, सौरभ उपाध्याय, सौरभ पांडे सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
Top of Form