शादी बनी ठगी का ज़रिया: एक और दुल्हन नकदी-जेवर लेकर फरार, ऐसे तो भरोसा ही उठ जाएगा

आगरा। शादी जो पवित्र सामाजिक बंधन थी, अब अपराधियों के लिए नया धंधा बनती जा रही है। दहेज प्रथा और घरेलू विवादों के बाद अब ‘ठगी वाली शादियों’ ने समाज की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र के चितौरा गांव से सामने आया है, जहां एक युवक की नई-नई शादी के महज कुछ दिनों बाद ही उसकी दुल्हन नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई। हाल के दिनों में आगरा में इस तरह की यह तीसरी-चौथी घटना है।

Jul 22, 2025 - 11:28
Jul 22, 2025 - 11:42
 0
शादी बनी ठगी का ज़रिया: एक और दुल्हन नकदी-जेवर लेकर फरार, ऐसे तो भरोसा ही उठ जाएगा

पीड़ित युवक की शादी 4 जुलाई को हुई थी। रविवार-सोमवार की रात जब परिवार सो रहा था, तब दुल्हन घर से करीब पौने दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। खास बात यह है कि उसे भगाने के लिए पांच लोग गांव पहुंचे थे, लेकिन घरवालों के जागने पर दो आरोपियों को मौके से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया, जबकि तीन अन्य दुल्हन समेत भागने में सफल रहे।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर दुल्हन के कुछ वीडियो और फोटो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में किसी और व्यक्ति को उसकी मांग भरते देखा जा सकता है, जिससे उसके पहले से शादीशुदा होने का भी संदेह है। एक व्हाट्सएप चैट में वह यह भी कहती नजर आ रही है- कुछ हासिल हो गया है, अब सभी के सो जाने के बाद घर से निकल आऊंगी। मुझे आकर ले जाओ।

पुलिस फिलहाल पकड़े गए दोनों लोगों से पूछताछ कर दुल्हन और उसके साथ भागे अन्य आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दुल्हन बिहार की रहने वाली है, लेकिन उसका कोई वैध पहचान दस्तावेज नहीं मिला है।

एक के बाद एक सामने आ रहे ऐसे मामलों ने समाज को असमंजस में डाल दिया है। अगर यह सिलसिला यूं ही चलता रहा, तो लोग विवाह जैसे पवित्र संस्कार से भी डरने लगेंगे।

 

SP_Singh AURGURU Editor