22 की उम्र में शादी, 4 साल में अलग राह, राहुल चाहर की शादी का अंत,इंस्टाग्राम पर सुनाया दिल का फैसला
आगरा से जुड़े लेग-स्पिनर राहुल चाहर ने पत्नी इशानी से तलाक की घोषणा की। 15 महीनों तक कोर्ट में मामला चला, जिससे मानसिक और आर्थिक दबाव झेलना पड़ा। 2022 में गोवा में हुई थी डेस्टिनेशन वेडिंग। फिलहाल IPL 2026 में CSK के लिए खेल रहे हैं, 5.2 करोड़ में साइन हुए। अब क्रिकेट करियर पर पूरा फोकस।
निजी जिंदगी में बड़ा मोड़, अब सिर्फ क्रिकेट पर फोकस, 15 महीने की कानूनी लड़ाई के बाद अलग हुए राहुल चाहर, बोले- नई शुरुआत का समय
आगरा। आगरा के रहने वाले भारतीय लेग-स्पिनर राहुल चाहर ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा और भावनात्मक फैसला लिया है। क्रिकेटर ने इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर अपनी पत्नी इशानी से अलग होने की आधिकारिक घोषणा की है । इस पोस्ट के साथ ही उन्होंने अपने रिश्ते, संघर्ष और आगे बढ़ने की सोच पर खुलकर बात की है।
इंस्टाग्राम पोस्ट में झलकी भावनाएं
राहुल ने लिखा है कि उन्होंने 22 साल की उम्र में शादी की थी, उस समय वे जीवन की प्राथमिकताओं और रिश्तों की जटिलताओं को पूरी तरह समझ नहीं पाए थे। उन्होंने खुलासा किया कि पिछले 15 महीनों से अदालत में मामला चल रहा था, जो उनके लिए मानसिक और आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण दौर रहा।
पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि यह अध्याय गुस्से या पछतावे से नहीं, बल्कि स्पष्टता और शांति के साथ बंद कर रहा हूँ। इस बयान से साफ है कि राहुल इस फैसले को किसी विवाद के रूप में नहीं, बल्कि जीवन की नई शुरुआत के रूप में देख रहे हैं।
4 साल पहले गोवा में हुई थी डेस्टिनेशन वेडिंग
राहुल और इशानी की शादी 9 मार्च 2022 को गोवा में एक भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में हुई थी। शादी की तस्वीरें और वीडियो उस समय सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।
लेकिन शादी के चार साल पूरे होने से पहले ही दोनों ने अलग राह चुन ली।
करीबी सूत्रों के अनुसार, क्रिकेट और निजी जीवन के बीच संतुलन को लेकर लंबे समय से चुनौतियां सामने आ रही थीं, हालांकि इस पर आधिकारिक तौर पर दोनों की ओर से ज्यादा कुछ नहीं कहा गया।
करियर पर फोकस
निजी जीवन में आए इस बदलाव के बीच राहुल अपने क्रिकेट करियर पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। वे चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं और इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीजन के लिए 5.2 करोड़ रुपये में साइन किए गए हैं। हालांकि इस समय वे भारतीय राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट और IPL में उनकी सक्रियता बनी हुई है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वे लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो टीम इंडिया में वापसी की राह फिर खुल सकती है।