30 मई को मनेगा गुरु अर्जन देव का शहीदी दिवस, गुरुद्वारा माईथान में भव्य कीर्तन दरबार
आगरा। सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर 30 मई को गुरुद्वारा माईथान, आगरा में विशेष कीर्तन दरबार और सेवा कार्यक्रम का आयोजन होगा। श्री गुरु सिंह सभा, माईथान के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक समागम में देश के प्रसिद्ध रागी और प्रचारक संगत को गुरुवाणी से जोड़ेंगे।
-सभी गुरुद्वारों में लगेगी छबील, लखीमपुर वाले भाई दिलबाग सिंह करेंगे कीर्तन सेवा
गुरु सिंह सभा के प्रधान कंवलदीप सिंह ने बताया कि 30 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक गुरुद्वारा माईथान में कीर्तन दरबार सजेगा, जिसमें मुख्य कीर्तन सेवा भाई दिलबाग सिंह लखीमपुर वाले द्वारा निभाई जाएगी।
इस अवसर पर भाई जसपाल सिंह अखंड कीर्तनी जत्था, भाई ओंकार सिंह हेड प्रचारक, भाई विजेंद्र पाल सिंह, भाई जगतार सिंह ऊना साहिब वाले, और स्त्री सभा गुरुद्वारा माईथान अपनी हाजिरी भरेंगे।
जसवीर सिंह ने जानकारी दी कि वाहन पार्किंग की व्यवस्था बीपी ऑयल मिल में की गई है ताकि संगत को कोई असुविधा न हो। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आगरा की समस्त संगत से समय पर पहुंचकर कीर्तन समागम में भाग लेने की अपील की है।
इसलिए मनाया जाता है शहीदी दिवस?
हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने बताया कि गुरु अर्जन देव जी ने मुगल शासक जहांगीर के अत्याचारों के विरुद्ध अडिग रहकर अपनी शहादत दी थी। उन्हें तपते तवे पर बैठाकर, उबलते पानी से यातनाएं दी गईं, लेकिन उन्होंने एक भी शिकायत नहीं की और सिमरन करते हुए शहीदी दी।
शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी होंगे आयोजन
गुरुद्वारा कलगीधर सदर बाजार में शाम का दीवान आयोजित किया जाएगा, जिसमें भाई दिलबाग सिंह कीर्तन सेवा देंगे। इसके अलावा शहरभर के सभी गुरुद्वारों में मीठे-ठंडे शरबत की छबील लगाई जाएगी।
रविंद्र ओबेरॉय और बंटी ओबेरॉय ने बताया कि छबील सेवा का विशेष ऐतिहासिक महत्व है और यह गुरु जी की शहादत की स्मृति में प्रेम व सेवा का प्रतीक है।