घने कोहरे में आगरा–जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा, बस में घुसा कैंटर, कई वाहन आपस में भिड़े

आगरा। आगरा–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना किरावली क्षेत्र में दृश्यता बेहद कम होने से सवारियों से भरी एक बस में तेज रफ्तार कैंटर जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अचानक सड़क पर रुक गई, जिसके चलते पीछे से आ रहे वाहन एक के बाद एक आपस में टकरा गए।

Dec 18, 2025 - 12:00
 0
घने कोहरे में आगरा–जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा, बस में घुसा कैंटर, कई वाहन आपस में भिड़े
आगरा-जयपुर हाईवे पर आपस में टकराए वाहन।

आगरा। आगरा–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना किरावली क्षेत्र में दृश्यता बेहद कम होने से सवारियों से भरी एक बस में तेज रफ्तार कैंटर जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अचानक सड़क पर रुक गई, जिसके चलते पीछे से आ रहे वाहन एक के बाद एक आपस में टकरा गए।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों और अन्य वाहनों में मौजूद लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना किरावली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान जाने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कुछ घायलों की हालत पर डॉक्टर निगरानी रखे हुए हैं।

हादसे के कारण आगरा–जयपुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस, कैंटर और अन्य वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया। काफी देर बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु कराया जा सका।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान बेहद सावधानी बरतें, धीमी गति से वाहन चलाएं और फॉग लाइट व हेडलाइट का सही इस्तेमाल करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।