आगरा के बल्केश्वर में शू गोदाम में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
आगरा के कमला नगर थाना क्षेत्र के बल्केश्वर में स्थित एक शू गोदाम की दूसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी है। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आगरा। आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र अंतर्गत बल्केश्वर स्थित आवासीय इलाके में बने शू गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग गोदाम की दूसरी मंजिल पर लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं के घने गुबार उठने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन जूते और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
आग लगने के दौरान आसपास के मकानों में रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। एहतियातन पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का कार्य जारी था और किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलने की आशंका जताई जा रही है।